Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

सर्द हवाओं की वजह से मध्‍यप्रदेश में बढ़ा ठंड का असर


भोपाल। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में सिहरन बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को ग्वालियर का तापमान 5.8 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला 8-9 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में जबरदस्त ठंड शुरू हो गई है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी इलाके में सिहरन बढ़ाना शुरू कर दिया है। जिसके चलते प्रदेश में भी रात के तापमान में लगातार गिरावट होने लगी है। शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है।
साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। करीब 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवा के कारण ठंड बढ़ने लगी है। यह सिलसिला अगले 4 दिन तक जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे एक बार फिर रात के तापमान में इजाफा होगा।
हवा की दिशा बदलने से मालवा में नहीं गिर रहा तापमान
अजय शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी हवा से ग्वालियर, चंबल संभाग में तो रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हो रही है, लेकिन मालवा क्षेत्र में रात के तापमान बढ़े हुए हैं। दरअसल, प्रदेश में आ रही उत्तरी हवा की दिशा बाद में बदलकर पूर्वी हो जा रही है। इस वजह से अभी मालवा क्षेत्र में अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ रही है।
बुधवार को चार महानगरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
भोपाल26.614.3
इंदौर27.616.9
जबलपुर25.711.8
ग्वालियर26.25.8

Related Articles

Back to top button