मध्यप्रदेश / आज जारी हो सकती कांग्रेस की सूची; सीईसी ने 222 सीट्स के उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी

भोपाल. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की आज पहली सूची जारी होगी। केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने शुक्रवार को आखिरी मंथन के बाद 222 सीटों पर प्रत्याशियों को मंजूरी दे दी है। पिछले दो दिनों से टिकट को लेकर पार्टी के अंदर घमासान मचने से शीर्ष नेतृत्व जल्दबाजी के मूड में नहीं देखा जा रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस में नामों की घोषणा की संभावना : दिल्ली में कांग्रेस नेता आज प्रेस कॉन्फेंस करने वाले हैं। इसमें पीसीसी चीफ कमलनाथ, प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के मौजूदगी की संभावना है।
दिग्विजय-सिंधिया के बीच भी नहीं पा रही थी सहमति : पार्टी की ओर से पहले 31 अक्टूबर को सूची जारी करने की संभावना जताई गई थी, लेकिन कुछ नामों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने दिग्विजय और सिंधिया के बीच सहमति न बन पाने की वजह से इसे टाल दिया था। शुक्रवार को फिर सूची जारी हाेने की उम्मीद थी, लेकिन देर रात पीसीसी चीफ कमलनाथ ने बयान दिया था कि आज सूची नहीं जारी होगी। उसके बाद से कयास लगाए जाने लगे थे कि आज पार्टी सूची जारी करेगी।
भाजपा ने शुक्रवार को जारी की सूची : दूसरी ओर भाजपा ने शुक्रवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 177 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पुरानी सीट बुधनी से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा तीन मंत्रियों और 33 विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।
![]()



