एनआरसी-सीएए विवाद / भाजपा बताए आखिर हिंदुओं के लिए क्या किया, अब तो शहरी जनता ने भी नकार दिया : मुख्यमंत्री बघेल


रायपुर. छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में कांग्र्रेस को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने निकाय चुनावों से एनआरसी और सीएए विवाद को जोड़ते हुए कहा कि शहरी पार्टी मानने वाली भाजपा को अब शहरी जनता ने ही नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ ध्रुवीकरण की राजनीति करती है। ये लोग हिंदू-मुस्लिम करने की कोशिश कर रहे थे, जनता सड़कों पर आ गई। सीएम बघेल ने कहा कि भाजपा बताए कि आखिर उन्होंने हिंदुओं के लिए किया ही क्या है।
छत्तीसगढ़ में नक्सल क्षेत्र के 700 गांव खाली हो गए हैं, लोग दूसरे प्रदेशों में गए, कैसे साबित करेंगे नागरिकता
कांग्रेस भवन में बुधवार को चर्चा के दौरान निकाय चुनाव में एनआरसी व सीएए के असर को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एनआरसी को जनता ने नकार दिया है। अगर आपके पिता का फार्म रिजेक्ट हो जाए तो किस देश के नागरिक कहलाएंगे। क्लर्क ही गलती कर दे, फार्म रिजेक्ट हो जाए, तो आपको कहां रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास राशन कार्ड है, ड्राइविंग लाइसेंस है, वोटर आईडी है, आधार कार्ड है, पासपोर्ट है। इसके बाद और कौन से सर्टिफिकेट चाहिए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल ध्रुवीकरण की राजनीति करती है। भाजपा बताए कि आखिर हिंदुओं के लिए क्या किया? मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने को शहरी पार्टी मानती है, जिसे शहरी जनता ने भी नकार दिया है। ये लोग हिंदू-मुस्लिम करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन देश में लोग सड़कों पर हैं। हमारे 700 गांव नक्सल क्षेत्र में खाली हो गए हैं। लोग दूसरे प्रदेश में चले गए, तेलंगाना, आंधप्रदेश में रह रहे हैं। वे लोग कैसे अपनी नागरिकता प्रमाणित करेंगे। केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं थी।



