हंदवाड़ा में 3 दिन में दूसरी मुठभेड़ / सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमले में 3 जवान शहीद, एक आतंकी ढेर; 2 दिन पहले ही कर्नल और मेजर समेत 5 शहीद हुए थे


श्रीनगर. हंदवाड़ा के काजीबाद इलाके के पास सोमवार को सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकियों ने हमला कर दिया। सुरक्षाबलों ने तुरंत हमले का जवाब देते हुए एक आतंकी को ढेर कर दिया। हालांकि, इस हमले में तीन जवान शहीद हो गए जबकि सात घायल हुए हैं। हमले के बाद सीआरपीएफ ने इलाके को सील कर दिया है। इलाके में आतंकियों की छानबीन की जा रही है।
इस बीच आतंकवादियों ने श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र में नौगाम के वागूरा इलाके में भी सीआईएसएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया है। इस हमले में सीआईएसएफ का जवान घायल हुआ है। सुरक्षा बलों ने इस इलाके को सील कर दिया है। पिछले 3 दिन में आठ सैनिक शहीद हुए हैं। इनमें चार सेना, तीन सीआरपीएफ और एक जम्मू कश्मीर पुलिस से थे।
कमांडिंग ऑफिसर समेत 5 जवान शहीद हुए थे
इससे पहले, हंदवाड़ा में शनिवार रात हुए एनकाउंटर में सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा समेत 5 जवान शहीद हो गए थे। मुठभेड़ के दौरान सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया था। इसमें से एक लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर हैदर था। आतंकियों के छिपे होने की खबर के बाद उत्तरी कश्मीर के एक घर में सुरक्षाबलों ने हमला बोला। आतंकियों ने घर के लोगों को बंधक बनाकर रखा था, उन्हीं को बचाने सेना और पुलिस की टीम गई थी। इन लोगों को सुरक्षाबलों ने छुड़वा लिया।
5 साल बाद आतंकी मुठभेड़ में कमांडिंग ऑफिसर शहीद
सेना ने जम्मू-कश्मीर में पांच साल बाद आतंकी मुठभेड़ में कमांडिंग ऑफिसर खोया है। इसके पहले 2015 में कुपवाड़ा के हाजीनाका जंगल में आतंकी मुठभेड़ में 41 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष महाडिक शहीद हुए थे। वे महाराष्ट्र के रहने वाले थे। कर्नल संतोष महाडिक की पत्नी स्वाति ने 2017 में सेना ज्वॉइन की थी।
27 जनवरी 2015 को 42 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एमएन राय कश्मीर के त्राल में मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे। कर्नल राय गोरखा रेजिमेंट से थे और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहनेवाले थे। उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।
इस साल अब तक 62 आतंकी मारे गए
इस साल जनवरी से अब तक जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में हुई मुठभेड़ में 62 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। लॉकडाउन के दौरान आतंकियों की ओर से सीमा पार से लगातार घुसपैठ की कोशिशें हो रही हैं।



