Breaking Newsअन्य खबरेंदेश

रेल यात्रा की नई गाइडलाइन / सफर से पहले हेल्थ स्क्रीनिंग के लिए यात्रियों को 90 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना होगा, आरोग्य सेतु ऐप रखना जरूरी


नई दिल्ली. रेलवे ने सोमवार को यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। यह मंगलवार से शुरू होने वाली 15 पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों पर लागू होगी। इसके मुताबिक, सफर के दौरान यात्रियों को ट्रेन में पानी और पैकेज्ड फूड खरीदने की अनुमति होगी। इतना ही नहीं यात्रियों को कम से कम 90 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना होगा ताकि उनकी हेल्थ स्क्रीनिंग की जा सके। यात्रियों को सफर के दौरान हर हाल में मास्क पहनना होगा।
दरअसल, करीब 50 दिन के लॉकडाउन के बाद रेलवे ने लोगों को एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के लिए सहूलियत देने के लिहाज से सीमित संख्या में ट्रेने शुरू करने की अनुमति दी है। इसके तहत मंगलवार को नई दिल्ली से एसी कोचों के साथ सभी बड़े शहरों के लिए ट्रेनें शुरू हो जाएंगी।
स्पेशल ट्रेनों में केवल एसी कोच ही लगाए गए
गाइडलाइन के मुताबिक, 12 मई को 8 ट्रेनें चलेंगी। इनमें से तीन नई दिल्ली से चलेंगी। यह डिब्रूगढ़, बेंगलुरु और बिलासपुर जाएंगी। जबकि एक-एक ट्रेन हावड़ा, राजेंद्र नगर (पटना), बेंगलुरु, मुंबई सेंट्रल और अहमदाबाद से दिल्ली के लिए चलेंगी। इन स्पेशल ट्रेनों में केवल एसी के फर्स्ट, सेकंड और थर्ड क्लास के कोच लगाए गए हैं।
कन्फर्म टिकट वाले की ही स्टेशन में एंट्री
चूंकि, यह तमाम ट्रेनें देशभर में लागू लॉकडाउन के बीच ही शुरू की जा रही हैं। ऐसे में जिस यात्री के पास कन्फर्म टिकट होगा, केवल उसे ही स्टेशन पर एंट्री मिलेगी। इन ट्रेनों का किराया राजधानी एक्सप्रेस के बराबर होगा। यात्री सात दिन पहले एडवांस में टिकट बुक करवा सकते हैं। हालांकि, इसमें आरएसी, वेटिंग लिस्ट या करंट बुकिंग जैसी कोई सुविधा नहीं होगी।
यात्रियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप जरूरी
थर्मल स्क्रीनिंग कर बिना लक्षण वाले यात्री भेजे जाएंगे। यात्रियों को ट्रेन में कंबल-चद्दर मिलेंगे।
ट्रेन छूटने से 15 मिनट पहले यात्रियों का प्रवेश बंद होगा। स्टेशन और ट्रेन में मास्क जरूरी है।
सभी कोच एसी। ट्रेन कुछ स्टेशनों पर रुकेगी। किराया राजधानी के बराबर होगा।
एसी के थ्री-टियर कोच में 52, जबकि टू-टियर कोच में 48 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप जरूरी।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप से अधिकतम 7 दिन बाद तक का रिजर्वेशन करवा सकते हैं।
आरएसी/वेटिंग लिस्ट टिकट मान्य नहीं होंगे। करंट बुकिंग, तत्काल और प्रीमियम तत्काल अभी बंद रहेंगे।
ऑनलाइन कैंसिलेशन ट्रेन छूटने से 24 घंटे पहले तक मान्य। इसका चार्ज किराए का 50% रहेगा।
किराए में कैटरिंग चार्ज शामिल नहीं। खाने की सुविधा नहीं मिलेगी। पानी और पैकेज्ड फूड खरीदा जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button