सीमा विवाद / जब सिक्किम में भारत-चीन के सैनिकों में झड़प हुई, तब लद्दाख सीमा पर चीन के हेलिकॉप्टर भी नजर आए, जवाब में भारत को अपने फाइटर जेट भेजने पड़े


लद्दाख. लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) के पास चीन की सेना के हेलिकॉप्टर दिखने के बाद भारतीय वायुसेना सतर्क हो गई। भारतीय वायुसेना ने भी उस इलाके में फाइटर जेट (लड़ाकू विमानों) से पेट्रोलिंग शुरू कर दी। एलएसी के पास चीन के हेलिकॉप्टर पिछले हफ्ते उसी दौरान देखे गए जब उत्तरी सिक्किम के इलाके में चीनी सैनिकों और भारतीय सैनिकों में झड़प हुई थी। न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक चीन के हेलिकॉप्टरों ने एलएसी को क्रॉस नहीं किया।
नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में शनिवार को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प में दोनों तरफ के जवान घायल हुए थे। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। आर्मी सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि पूर्वी लद्दाख में भी 5 और 6 मई को दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आ गए थे। हालांकि, बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।



