लॉकडाउन / राहुल गांधी दिल्ली में प्रवासी मजदूरों से मिले, मजदूर बोले- उन्होंने हमें मास्क और खाना दिया, आखिर किसी ने तो हमारी सुनी


नई दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली में सुखदेव विहार फ्लाईओवर के पास प्रवासी मजदूरों से मुलाकात की। अपने घर जा रहे देवेंद्र ने बताया कि राहुल ने करीब 30 मिनट तक मजदूरों का हाल जाना। मास्क, खाना और पानी दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बोलकर गाड़ियां मंगवाईं और कहा कि इनसे आप सभी लोगों को घर तक पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने बताया कि पुलिस ने एक गाड़ी में सिर्फ दो लोगों को भेजने की अनुमति दी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कहा कि मजदूरों को हिरासत में लेने की अफवाह उड़ाई गई थी। हमने नियमों के मुताबिक ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से बुलाई गाड़ियों में मजदूरों को बैठाया। किसी को हिरासत में नहीं लिया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में सुखदेव विहार के पास प्रवासी मजदूरों से मिलने पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री सिंह बोले- राहुल केवल फोटो खिंचवाने के लिए मिले
दिल्ली में राहुल गांधी की मजदूरों से मुलाकात पर केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा, ‘‘क्या उन्हें 50 दिनों के बाद ही प्रवासी मजदूरों की याद आई? केंद्र और राज्यों में हमारी सरकार, उनके लिए भोजन, ट्रेन की व्यवस्था कर रही है। वह उनसे सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए मिले थे। कुछ तो संवेदनशीलता होनी चाहिए।’’
राहुल गांधी ने वीडियो लिंक के जरिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की
उन्होंने सरकार के 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज, कोरोना के दौरान मजदूरों की समस्या और देश के आर्थिक हालात पर बातचीत की। राहुल ने कहा कि देश में आर्थिक तूफान आया नहीं है, आने वाला है। जबर्दस्त नुकसान होगा। सरकार हमारी सुने। विपक्ष थोड़ा दबाव डाले और अच्छी तरह से समझाए तो सरकार सुन भी लेगी। लॉकडाउन पर केंद्र को समझदारी से कदम उठाना चाहिए। लॉकडाउन खोलने की बात हो रही है, बिना सोचे-समझे ऐसा किया तो नुकसान होगा।
केंद्र सरकार राहत पैकेज पर फिर से विचार करे
राहुल गांधी ने राहत पैकेज कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश करूंगा कि वे इस पैकेज के बारे में दोबारा सोचें। उन्हें डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर पर सोचना चाहिए। मनरेगा के तहत 200 दिन का रोजगार दिया जाए। किसानों को पैसा सीधे ट्रांसफर किया जाए। उन्होंने कहा कि हमने सुना है कि रेटिंग्स की वजह से सरकार पैसा नहीं दे रही। कहा जा रहा है कि अगर वित्तीय घाटा बढ़ता है तो विदेशी एजेंसियां भारत की रेटिंग्स कम कर देंगी।
राहुल ने मांग और आपूर्ति का मुद्दा उठाया, कहा- लोगों के पास पैसा नहीं खरीदेंगे कैसे
राहुल ने कहा, ‘कोरोना संकट में मांग और आपूर्ति दोनों बंद हैं। सरकार को दोनों को रफ्तार देनी है। अब सरकार ने जो कर्ज पैकेज की बात कही है, उससे मांग शुरू नहीं होने वाली है। क्योंकि, बिना पैसे के लोग खरीदारी कैसे करेंगे।’
‘मांग को शुरू करने के लिए पैसा देने की जरूरत है। “न्याय” जैसी योजना इसमें मददगार साबित हो सकती है। मांग शुरू न होने पर बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होने की संभावना है, जो कोरोना से भी बड़ा हो सकता है।’
राहुल ने मजदूरों पर कहा- जो सड़कों पर उनकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है
राहुल गांधी ने कहा कि किसी पर दोष मढ़ने का यह वक्त नहीं है। आज देश के सामने बड़ी समस्या है जिसका हमें हल निकालना है। मजदूरों की बात बहुत ही चुनौतीपूर्ण है। जो लोग सड़कों पर हैं उनकी मदद करना और उनकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। उनके जेब में सीधे पैसा भेजना होगा। इससे ज्यादा मुश्किल वक्त उनके जीवन में नहीं आएगा। हमें उन्हें यह एहसास कराना होगा कि हम उनके साथ हैं और उनका सम्मान कम नहीं होने देंगे।
‘राज्यों का काम है कोविड से लड़ना, केंद्र सिर्फ मैनेजमेंट देखे’
राहुल ने कहा, जितनी मदद सरकार राज्यों को देगी, उतना ही फायदा होगा। केंद्र का काम मैनेटमेंट संभलना है। राज्यों का काम कोविड की लड़ाई लड़ने का है। राज्यों को पूरा समर्थन देना चाहिए। यह शिकायत आ रही है कि जिस तरह से केंद्र को राज्यों को पैसा देना चाहिए, वह नहीं हो रहा है।



