Breaking Newsअन्य खबरेंदेश

कोरोना देश में LIVE / पंजाब ने लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ाया, मध्यप्रदेश और प. बंगाल में भी 15 जून तक जारी रहेगा; देश में अब 1 लाख 81 हजार 141 संक्रमित


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण के 1 लाख 81 हजार 141 मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल सरकार ने लॉकडाउन 15 जून तक जारी रखने का फैसला लिया। उधर, पंजाब में भी यह 30 जून तक जारी रहेगा। हालांकि, सभी राज्य केंद्र की नई गाइडलाइन के मुताबिक प्रतिबंधों में छूट देंगे। देश में लॉकडाउन का पांचवां चरण 30 जून तक लागू रहेगा। इस दौरान कंटेनमेंट जोन में कोई छूट नहीं मिलेगी।
महराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 114 पुलिसकर्मी संक्रमित मिले और एक की मौत हुई। राज्य में अब तक 2325 पुलिस जवान कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें से 26 की जान गई। राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू खाने और थूकने पर 1 से 5 हजार रुपए तक जुर्माना लगाने का फैसला लिया है।
आज महाराष्ट्र में 2940, दिल्ली में 1163, तमिलनाडु में 938, गुजरात में 412, प. बंगाल में 317, राजस्थान में 252, बिहार में 206, हरियाणा में 202, जम्मू-कश्मीर में 177, असम में 128 और ओडिशा में 96 मरीज मिले। 370 मरीज और मिले, लेकिन ये किन राज्यों से हैं यह जानकारी नहीं मिल सकी है। इससे पहले शुक्रवार को देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 8101 मरीज मिले। रिकॉर्ड 11 हजार 729 ठीक हुए, जबकि 269 की मौत हुई। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 116 मरीजों की जान गई।
ये आंकड़े covid19india.org के आधार पर हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 73 हजार 763 संक्रमित हैं। इनमें से 86 हजार 422 का इलाज चल रहा है। 82 हजार 370 ठीक हुए हैं, जबकि 4971 की मौत हो चुकी है।
केजरीवाल बोले- संक्रमण बढ़ा, पर डरने की जरूरत नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं। उन्होंने कहा कि हम कोरोना से चार कदम आगे हैं। यहां बीते 15 दिनों में करीब 8500 मामले आए। इनमें से 500 मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। कुल संक्रमितों में से 2100 का ही इलाज चला है। ज्यादातर लोग घर पर ही ठीक हो रहे हैं तो फिर डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी में 6500 बेड तैयार हैं। अगले हफ्ते तक यह संख्या 9500 हो जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमण के मामले दोगुना होने की दर बढ़कर 15.4 दिन हो गई है। कुछ दिन पहले तक यह 13.3 दिन थी।
दिल्ली से माॅस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बीच रास्ते से लौटाना पड़ा। ग्राउंड टीम ने जानकारी दी थी कि पायलट की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब रूस में फंसे भारतीयों को लेना दूसरा विमान भेजा जाएगा।
विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग ने कोविड-19 इंडियन नेशनल सुपरमॉडल शुरू किया है। यह भविष्य में संक्रमण फैलने पर नजर रखेगा। इससे स्वास्थ्य विभाग को जरूरी सुविधाएं जुटाने में मदद मिलेगी।
दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल के डायरेक्टर की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विदेश मंत्रालय के 2 कर्मचारियों को भी संक्रमित पाया गया है।
केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने बताया है कि देश में घरेलू उड़ानों का संचालन ठीक तरह से हो रहा है। पांचवें दिन, यानी 29 मई को 513 उड़ान रवाना हुईं। इनमें 39 हजार 969 यात्रियों ने सफर किया। वहीं, 512 उड़ानों ने वापसी की। इनमें 39 हजार 972 यात्रियों ने सफर किया।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले
तारीख
केस
29 मई 8101
27 मई 7271
28 मई 7258
24 मई 7111
23 मई 6665
पांच राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: यहां 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 192 नए केस मिले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 7645 हो गई। शुक्रवार को 13 मरीजों की मौत हुई। राज्य में इस बीमारी से अब तक 334 लोग जान गंवा चुके हैं। उधर, सागर जिला नया हॉट स्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को 24 केस मिले। अब शहर में संक्रमितों की संख्या 165 हो गई है।
महाराष्ट्र: बीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक मुंबई में 22 मई से 28 मई के बीच कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी की दर गिरकर 4.93% हो गई है। 21 मई से 27 मई के बीच यह 5.17% थी। राज्य में संक्रमितों का डबलिंग रेट 15.7 दिन हो गया है। पिछले हफ्ते यह 11 दिन था। संक्रमितों के ठीक होने की दर 43.38% और मृत्युदर 3.37% है।उत्तरप्रदेश: यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 275 केस आए। सबसे ज्यादा 26 मरीज कानपुर नगर में मिले। लखनऊ, नोएडा, अम्बेडकरनगर, उन्नाव और मथुरा में एक-एक संक्रमित की मौत हुई। राज्य में अब संक्रमितों की संख्या 7445 हो गई है। इनमें 2012 प्रवासी श्रमिक हैं। कुल मौत का आंकड़ा 202 हो गया है।
राजस्थान: यहां शनिवार को 49 मामले आए। इनमें कोटा, उदयपुर और चूरू में 8-8, बाड़मेर में 4, धौलपुर, झालावाड़, भीलवाड़ा और करौली में 3-3, झुंझुनूं, भरतपुर और जयपुर में 2-2, गंगानगर, बारां और हनुमानगढ़ में 1-1 संक्रमित मिला। जयपुर में शनिवार को एक संक्रमित की मौत हुई। इसके साथ राज्य में मरने वालों की संख्या 185 हो गई।
बिहार: यहां शनिवार को संक्रमण के 130 मामले आए। इनमें से बेगूसराय में 19, दरभंगा में 17, भोजपुर में 14, शेखपुरा में 15, मधेपुरा में 10, अररिया में 9, सीवान और मुजफ्फरपुर में 8-8, मुंगेर और जेहानाबाद में 6-6, जबकि गया और किशनगंज में 5-5 मरीज मिले हैं। राज्य में 3 मई के बाद आने वाले 2310 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 569 महाराष्ट्र, 503 दिल्ली और 325 गुजरात से आए हैं।

Related Articles

Back to top button