PM मोदी बोले, वैक्सीन आने का समय तय नहीं, राजनीति करने वालों को रोक नहीं सकता


नई दिल्ली । कोरोना संकट को लेकर देश के मुख्यमंत्रियों के साथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल मीटिंग की। सभी मुख्यमंत्रियों का पक्ष सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा देश में वैक्सीन आने का समय अभी तय नहीं कर सकते हैं। हमें अभी नहीं पता कि वैक्सीन कब आएगी। हमारे वैज्ञानिक लगातार काम कर रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि वैक्सीन को लेकर कुछ लोग राजनीति भी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को मैं राजनीति करने से रोक नहीं सकता हूं। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी को लेकर निशाना साधा था। प्रधानमंत्री मोदी का ये बयान तब आया है, जब वैक्सीन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके वैक्सीन पर मोदी सरकार से सवाल पूछे थे।
गौरतलब है कि देश में नवंबर माह में कोराना संक्रमण तेजी से बढ़ा है, विशेषकर आठ राज्यों में स्थिति चिंताजनक है। इसको लेकर देश के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने आज वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में बाद में देश के अन्य मुख्यमंत्री भी जुड़ गए।
केजरीवाल बोले, दिल्ली में कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण
प्रधानमंत्री के साथ बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना संक्रमण बढ़ने के लिए कई कारणों को जिम्मेदार बताया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण भी कोरोना संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने प्रदूषण बढ़ने के लिए किसानों द्वारा पराली को जलाने को मुख्य कारण बताया। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि पराली के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्र सरकार को प्रयास करना चाहिए। साथ ही केजरीवाल ने केंद्र के अस्पतालों में 1000 आईसीयू बेड रिजर्व करने की मांग की है।
वहीं बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बड़े महानगरों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों में फिर से फैल रहा संक्रमण खतरनाक हो सकता है और दिक्कतें बढ़ा सकता है। उन्होंने केरल व राजस्थान जैसे राज्यों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ममता बनर्जी बोले, पश्चिम बंगाल में ठीक चल रहा इलाज
बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में लोगों का इलाज ठीक चल रहा है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के जीएसटी में राज्य का हिस्सा जल्द देने की मांग की है।
अमित शाह बोले, अमेरिका यूरोप में बढ़ रहा संक्रमण, हम भी अलर्ट रहें
प्रधानमंत्री के साथ बैठक में हिस्सा ले रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अमेरिका और यूरोप में कोरोना संक्रमण की लहर फिर देखी जा रही है। यहां संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में नियमों के पालन में सख्ती बरतनी चाहिए। हमें भी सतर्क रहने की जरूरत है।
दिल्ली में लगातार चौथे दिन 100 से ज्यादा मौतें
भारत में अभी कोरोना का सबसे ज्यादा कहर दिल्ली में देखने को मिल रहा है। यहां लगातार चौथ दिन 100 से ज्यादा मरीजों ने दम तोड़ा। सरकार ने मास्क लगाने और शारीरिक दूरी बनाए रखने को लेकर सख्त नियम बनाए हैं, लेकिन जनता इनका पालन करती नजर नहीं आ रही है। यही कारण है कि प्रशासन ने दो बाजारों को बंद कर दिया है।



