भोपाल: कमला नेहरू अस्पताल के बच्चा वार्ड में आग लगने के बाद 4 बच्चों की मौ


भोपालः मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के बच्चा वार्ड में सोमवार देर रात को आग लग गई. इस घटना में 4 बच्चों की मौत हो गई.आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. घटना को लेकर अस्पताल में अफरा तफरी मच गई थी. आग लगने के कारण बच्चा वार्ड में कई नवजात शिशु और डॉक्टर्स अंदर फंस गए थे. जिनमें से बाकी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहगढ़, बैरागढ़, पुल बोगदा सहित अन्य इलाकों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं थी.
हमीदिया अस्पताल परिसर के कमला नेहरू अस्पताल में आग
बता दें कि आग हमीदिया अस्पताल परिसर के कमला नेहरू अस्पताल के बच्चा वार्ड में लगी थी. जिस समय आग लगी, उस वक्त वार्ड में 50 के करीब बच्चे भर्ती थे. आग लगने पर बाकी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया. वहीं आग लगने के चलते बच्चों के परिजनों में गुस्सा है और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए थे. बाद में प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया है. आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि जांच के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आ पाएगी.

चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग भी मौके पर
हादसे के बाद चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग भी मौके पर पहुंच गए थे. साथ ही शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. वहीं सीएम शिवराज भी हालात पर नजर बनाए रहे. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि “राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लगने की घटना दुखद है. इस वार्ड में बचाव कार्य तेजी से जारी हैं. प्रशासन की टीम और बचाव कर्मी मौके पर हैं. घटना पर मेरी लगातार नजर है. एक अन्य ट्वीट में सीएम ने लिखा कि मौके पर मौजूद अधिकारी और प्रशासन लगातार मेरे संपर्क में हैं. हमारे कैबिनेट के साथी मंत्री विश्वास सारंग जी घटना की सूचना पाते ही पहुंच गए हैं और बचाव कार्य पर नजर रखे हुए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी सकुशल हों.”
उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को ही महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला अस्पताल के कोविड आईसीयू वार्ड में आग लगने की घटना हुई थी. इस हादसे में 11 मरीजों की मौत हो गई थी. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था. जिस वक्त आग लगी, उस वक्त आईसीयू में 17 मरीज भर्ती थे. एक अधिकारी ने बताया कि आग अस्पताल की तीसरी मंजिल के एक वार्ड में लगी, जिसमें आईसीयू है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ितों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.
घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी घटना पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की. पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता कमलनाथ ने घटना को बेहद दर्दनाक बताया और घटना की उच्च स्तरीय जांच और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.



