आवारा कुत्तों का आतंक: भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में पागल कुत्ते ने तीन दिन में 11 को काटा, निगम अमला बोला- हम पागल कुत्ते नहीं पकड़ते
आवारा कुत्तों का आतंक: भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में पागल कुत्ते ने तीन दिन में 11 को काटा, निगम अमला बोला- हम पागल कुत्ते नहीं पकड़ते


शहर के दो इलाकों में पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रहा है। अयोध्या नगर स्थित शंकर गार्डन में पागल कुत्ता लोगों पर हमले कर रहा है। दूसरी ओर, बांसखेड़ी में आवारा कुत्ते गाय के बछड़ों को निशाना बना रहे हैं। रहवासियों ने इन आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए जब नगर निगम के डॉग स्क्वाड में संपर्क किया तो उनको निराश करने वाला जवाब मिला।
दरअसल, शंकर गार्ड स्थित अभिनव होम्स में पिछले तीन दिन में एक आवारा कुत्ते ने 11 लोगों पर हमला किया। रहवासियों के मुताबिक यह कुत्ता पागल हो गया है। वह जिसे भी देखता है, दौड़कर काट लेता है। लोगों का अकेले निकलना मुश्किल हो गया है।
गनीमत यह है कि अभी तक जिन व्यक्तियों पर कुत्ते ने हमला किया, किसी को गहरे घाव नहीं हुए हैं। लेकिन, दांतों के लगने पर लोगों को रैबीज के इंजेक्शन लगवाने पड़ रहे हैं। रहवासियों ने उस कुत्ते को पकड़कर ले जाने के लिए नगर निगम के कॉल सेंटर पर संपर्क किया तो जवाब मिला कि हमारा अमला पागल कुत्ते नहीं पकड़ता है। अब आलम ये है कि दहशत के चलते लोगों ने अपने बच्चों का घरों के बाहर खेलना ही बंद करा दिया है। बुजुर्ग भी घरों से बाहर नहीं निकल रहे।
बुजुर्ग की सक्रियता से बमुश्किल पकड़ा गया एक डॉग
इधर, बांसखेड़ी में पिछले कुछ दिनों से कुत्ते पहले बच्चों पर तो अब गाय के बछड़ों पर हमले कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह भी कुछ कुत्तों ने गाय के बछड़े पर न सिर्फ हमला किया बल्कि उसे जमीन पर गिराकर नोंचने लगे। रहवासी दौड़कर आए और कुत्तों को भगाया। इन्हीं में शामिल एक खूंखार कुत्ते को दोपहर में पकड़ा गया। निगम अमले को सूचना दी गई। निगम अमला आकर इस कुत्ते को लेकर गया है।
रहवासियों का दर्द
एक कुत्ता तीन दिन से लोगों पर जानलेवा हमले कर रहा है। 10 से ज्यादा लोगों को काटा है। कॉल करने पर निगमकर्मियों का कहना है कि हम पागल कुत्तों को नहीं उठाते हैं।
अंकुर जैन, रहवासी, शंकर गार्डन
यहां कई आवारा कुत्ते हैं। बच्ची को घायल कर चुके हैं। अब बछड़ों पर हमले कर रहे हैं। इस हफ्ते में दो घटनाएं हो चुकी हैं। मैंने एक कुत्ते को घर में कैद किया, तब निगम अमला उसे लेकर गया।
नीलम मिश्रा, रहवासी, बांसखेड़ी
उठाने से मना नहीं कर सकते
कोई डॉग अगर पागल हुआ है तो उसे उठवाकर पशु आश्रय स्थल आसरा में भर्ती किया जाता है। नगर निगम से यदि कोई ऐसे कुत्तों को उठाने से मना करता है तो यह गलत है।
डॉ. एसके श्रीवास्तव, पशु चिकित्सक, नगर निगम



