दिग्विजय सिंह बोले- बीजेपी की योजना दंगे कराने की:कमलनाथ ने कहा- भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं बची; भोपाल में हुआ ‘विधिक विमर्श’ कार्यक्रम
दिग्विजय सिंह बोले- बीजेपी की योजना दंगे कराने की:कमलनाथ ने कहा- भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं बची; भोपाल में हुआ 'विधिक विमर्श' कार्यक्रम


मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, बीजेपी हरियाणा के नूंह की तरह दंगे कराने की योजना बना रही है। उन्होंने ये बयान भोपाल के बीएसएस कॉलेज में शनिवार को ‘विधिक विमर्श’ कार्यक्रम में दिया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के वकील शामिल हुए।
दिग्विजय सिंह ने कहा, 2018 में विवेक तन्खा ने कांग्रेस के समर्थन में हजारों वकील खड़े किए। तब हमने सरकार बनाई थी। एक बार फिर सबसे ज्यादा वकील जुड़े हैं। जिससे उम्मीद है कि हम पूर्ण बहुत से सरकार बनाएंगे। अब हमें कोई छोड़ कर नहीं जाएगा। इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।
कमलनाथ बोले- अगला विधानसभा चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा
कार्यक्रम में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरते हुए कहा, मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं बची है। अबकी बार भ्रष्टाचार की व्यवस्था से मुकाबला होगा। युवाओं को रोजगार मिलने की घोषणाएं होती हैं। झूठ के आश्वासन से जनता का पेट नहीं भरता। आगामी विधानसभा चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा।
‘विधिक विमर्श’ कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं का कमलनाथ ने सम्मान भी किया।
नेता प्रतिपक्ष बोले- संविधान पर हमला हो रहा है
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा, वचन पत्र में वकीलों की मांगों को रखा जाएगा। मैंने पहली बार इतना बड़ा अधिवक्ता सम्मेलन देखा। जिसमें वकीलों ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। आज संविधान पर हमला हो रहा है। उसकी आपको रक्षा करनी है। जिस प्रकार हनुमान जी भगवान राम की रक्षा करते हैं। वैसे ही आपकी जिम्मेदारी है कि आप संविधान की रक्षा करें। हमारा प्रयास रहेगा कि हम आपकी मांगों को पूरा करें।
विवेक तन्खा ने कहा- वकीलों को चुनाव में प्राथमिकता मिले
अधिवक्ता विवेक तन्खा ने मंच से वकीलों से जुड़ी मांगे रखते हुए कहा, वकालत अब सबसे पसंदीदा पेशा हो गया है। युवा इस पेशे में आ रहा है। मध्यप्रदेश में 1 लाख 35 वकील हैं। ये वकील किसी भी पार्टी के लिए भाग्यविधाता हैं। कमलनाथ जी, दिग्विजय जी आप वकीलों को चुनाव में प्राथमिकता दीजिए। हमारी पांच मुख्य मांगें हैं। सरकार बनने पर इन्हें पूरा कीजिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस ने वकीलों की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम ‘विधिक विमर्श’ में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने वकीलों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को बधाई देते हुए कहा, उन्होंने ड्यूटी लगाई है कि अजय गुप्ता और शशांक शेखर पूरे प्रदेश के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए तहसील से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक निशुल्क लड़ेंगे। कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष शशांक शेखर ने मंच से मांग रखी कि अधिवक्ताओं के लिए को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी होनी चाहिए।
वकीलों की पांच मुख्य मांगें
एडवोकेट वेलफेयर एंड प्रोटेक्शन एक्ट लाया जाए, ओल्ड एज पेंशन की व्यवस्था करें।
सहयोग राशि बार काउंसिल और एसोसिएशन को दें।
नए वकीलों को कम से कम 3 साल तक स्टाइपेंड मिले।
वकीलों के स्वास्थ्य सुविधा और खर्च की व्यवस्था की जाए। वकील परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करें।
वकीलों के कोर्ट परिसर के चैम्बर और कमरों के बिजली बिल का खर्च सरकार उठाए।



