रविवार को मिंटो हॉल के आस पास नो फ्लाइंग जोन:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर सुरक्षा के चलते आदेश जारी
रविवार को मिंटो हॉल के आस पास नो फ्लाइंग जोन:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर सुरक्षा के चलते आदेश जारी


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। डीसीपी गुप्त वार्ता विजय भागवानी ने आदेश जारी कर स्थल से तीन किलो मीटर के दायरे में सभी प्रकार के ड्रोन व अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। तीन किलोमीटर के हिस्से को रेड जोन घोषित किया है। यह आदेश रविवार तड़के सुबह से लागू होगा।
दरअसल, 20 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल आने वाले हैं। मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के कार्यालय मेमो क्रमांक VI- 23014/209 / IND / 2018-VS के नियम क्रमांक 16 (A) (e) एवं दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अंतर्गत विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा श्रेणी एवं संभावित खतरों को दृष्टिगत रखते हुए डीसीपी गुप्त वार्ता विजय भागवानी भोपाल द्वारा आदेश पारित कर मिंटो हॉल में होने वाले कार्यक्रम के तीन किलोमीटर की परिधि में ड्रोन / पैराग्लाईडर/हॉट बैलून/ अन्य फ्लाईंग ऑब्जेक्ट के उड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
साथ ही उक्त स्थान को रेड जोन / नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। आदेश 20 अगस्त को प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर दोषी व्यक्ति के खिलाफ धारा 188 सहित अन्य धाराओं एवं अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कमर्शियल फ्लाइट्स इस प्रतिबंधात्मक आदेश के पालन से मुक्त रहेगी।



