LIVE उत्तरी गाजा खाली करने के लिए 3 घंटे का वक्त:इजराइली सेना लेबनान पर कर रही जवाबी कार्रवाई; हमास के 3 टॉप कमांडर मारे गए
LIVE उत्तरी गाजा खाली करने के लिए 3 घंटे का वक्त:इजराइली सेना लेबनान पर कर रही जवाबी कार्रवाई; हमास के 3 टॉप कमांडर मारे गए


इजराइल हमास जंग का आज नौवां दिन है। इस बीच इजराइली डिफेंस फोर्स के 10 हजार सैनिक गाजा में जमीनी हमले की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच इजराइल ने उत्तरी गाजा के लोगों को इलाका खाली करने के लिए 3 घंटे का वक्त दिया है।
इजराइली समय के मुताबिक लोग 10 से 1 बजे तक इलाका खाली कर सकते हैं। तब इजराइल की तरफ से कोई हमला नहीं किया जाएगा।वहीं, आज फिर हिजबुल्लाह संगठन ने लेबनान की तरफ से इजराइल के बॉर्डर इलाके शतूला में हवाई हमला किया। इसमें एक इजराइली सैनिक की मौत हो गई। इसके बाद इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ जंग में अब तक हमास के 3 टॉप कमांडर मारे जा चुके हैं। वहीं, इजराइल ने दावा किया है कि हमास लोगों को गाजा सिटी खाली करने से रोक रहा है। उसने जगह-जगह बैरियर लगा दिए हैं ताकि लोग शहर से बाहर न जा सकें।
जमीन, समुद्र, आसमान हर तरफ से हमला करेगा इजराइल
इजराइल डिफेंस फोर्स ने कहा- हम गाजा में जमीनी हमला करने के लिए तैयार हैं। अब तक एयरस्ट्राइक कर रहे थे, लेकिन अब हम तीनों ओर से (जमीन, समुद्र और आसमान) गाजा पर हमला करेंगेइस बीच सीज फायर के लिए कोशिशें जारी हैं। एक तरफ जहां, रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इजरायल और हमास के बीच सीजफायर पर चर्चा करने को कहा है।वहीं, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सीजफायर के लिए अरब देशों में चीन के प्रभाव का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, चीन ने ये भी कहा है कि अब इजराइल गाजा में जो कर रहा है वो सेल्फ डिफेंस से परे है।
लोगों को गाजा सिटी खाली नहीं करने दे रहा हमास
इजराइल सैनिकों ने सुरंगों में बने हमास के ठिकानों पर हमला किया। सेना ने जबल्या, जायतुन, अल-फुरकान और बेत हनौन इलाकों में अंडरग्राउंड टनल में हमले किए। यहां कई मोर्टार लॉन्चर तबाह किए गए हैं।
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की। उन्होंने दोनों नेताओं से कहा है कि वो आम लोगों की मदद के लिए करने की अपील की है।
बाइडेन ने महमूद अब्बास से कहा है कि हमास को फिलिस्तीन के लोगों का समर्थन नहीं है। वहीं, न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, 10 हजार सैनिक जमीनी हमले के लिए गाजा बॉर्डर पर तैनात किए गए हैं।
WHO बोला- अस्पतालों में भर्ती मरीजों को देश छोड़ने के लिए मजबूर करना मृत्युदंड जैसा
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन का कहना है कि गाजा के अस्पतालों में भर्ती मरीजों को देश छोड़ने के लिए मजबूर करना मृत्युदंड जैसा है। दरअसल, इजराइली हमलों में 19 से ज्यादा अस्पतालों को नुकसान पहुंचा है। 20 से ज्यादा एम्बुलेंस तबाह हुई है। ऐसे में मरीज को भी इवैक्यूएट किया जा रहा है। इन्हें गाजा में ही दूसरे सुरक्षित अस्पतालों में भी जगह नहीं मिल रही क्योंकि वहां हजारों घायलों का इलाज हो रहा है। मरीज भी देश छोड़ने को मजबूर हैं।
अब तक हमास के 3 कमांडर मारे गए
रविवार को सेना ने कहा कि उसने किबुत्ज नीरिम और किबुत्ज नीर ओज में हमला करने वाले हमास कमांडर को मार गिराया है। सेना ने कहा- हमास के नुखबा यूनिट का कमांडर बिलाल अल-केदरा मारा गया है।
इसके पहले 14 अक्टूबर को इजराइली सेना ने हमास के दो बड़े कमांडरों को मार गिराया। सेना ने बताया कि उन्होंने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हुए हमले को लीड करने वाले कमांडर अली कादी को मार गिराया है। अली कादी को मारने का काम इजराइल की इंटरनल इटेलीजेंस एजेंसी शिन बेत ने किया है। वहीं, हमास का एयरफोर्स हेड मुराद अबु मुराद भी इजराइली हमले में मारा गया।
इजराइल-हमास जंग में अब तक 3500 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
भारतीयों का तीसरा बैच 14 अक्टूबर को इजराइल से रवाना हुआ। देर रात 2 बजे 197 लोग भारत पहुंचे।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू सेना के अधिकारियों के साथ हमास के हमले से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके में पहुंचे।
इजराइल-हमास जंग की लाइव रिपोर्टिंग करने भास्कर रिपोर्टर वैभव इजराइल में मौजूद हैं।
इजराइल ने 9 अक्टूबर को गाजा की तरफ वाटर-इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई रोक दी थी। इससे वहां पानी संकट खड़ा हो गया।
इजराइल के हमले में गाजा की 22 हजार से ज्यादा इमारतें तबाह हुई हैं।
हजारों लोग बेघर हो गए हैं। लाखों लोग घर छोड़ने को मजबूर हैं।
इजराइली सेना के हमलों से महिलाएं और बच्चे भी प्रभावित हैं।
इजराइली सेना गाजा में टैंक से हमला करने के लिए तैयार है।
हमास के हमले में कई इजराइलियों के घर तबाह हुए हैं।
हमास के हमले में मारे गए एक व्यक्ति के फ्यूनरल में सैकड़ों लोग शामिल हुए।
शनिवार देर रात इजराइली सेना ने हमास के 100 ठिकानों पर हमला किया। दोनों तरफ से हमले जारी हैं।
अमेरिका ने भू-मध्य सागर में दूसरा वॉरशिप भेजा
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और इजराइल प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की है। उन्होंने दोनों नेताओं से जंग के प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचने देने की अपील की है। अमेरिका ने इजराइल की मदद के लिए भू-मध्य सागर में दूसरा वॉरशिप भेजा दिया है।
अलजजीरा के मुताबिक, अमेरिकी US एयरक्राफ्ट कैरियर USS ड्वाइट डी आइजनहावर मेडिटेरियन सी की तरफ भेजा है। इस इलाके में अमेरिका का USS गेराल्ड आर फोर्ड वॉरशिप पहले से ही तैनात है। 9 अक्टूबर को अमेरिका ने इजराइल को मिलिट्री सपोर्ट देने की बात कही थी। US डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन ने कहा था- मदद के लिए हमारे जहाज और लड़ाकू विमान इजराइल की तरफ बढ़ रहे हैं। हमने USS गेराल्ड आर फोर्ड एयरक्राफ्ट कैरियर (वॉरशिप) को अलर्ट कर दिया है।
ऑपरेशन अजय-197 भारतीयों का तीसरा बैच दिल्ली पहुंचा
ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल से 274 भारतीयों को लेकर चौथी फ्लाइट दिल्ली पहुंच गई है। चौथी फ्लाइट शनिवार (14 अक्टूबर) रात 11.45 पर इजराइल से रवाना हो गई थी। वहीं, शनिवार की रात तीसरी फ्लाइट 197 भारतीयों को लेकर इजराइल से रवाना हुई, जो रात 2 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। जहां, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने भारत लौटे यात्रियों का स्वागत किया।
7 अक्टूबर से शुरू हुई जंग में अब तक 2,329 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। इनमें 724 बच्चे, 370 महिलाएं शामिल हैं। 8,714 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हमलों में 1300 से ज्यादा इजराइली भी मारे गए हैं।
भारत ने अब तक 918 लोगों को निकाला
भारत सरकार के ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल के तेल अवीव से 15 अक्टूबर को भारतीयों का तीसरा और चौथा बैच दिल्ली पहुंचा। तीसरी फ्लाइट से 197 लोग और चौथी फ्लाइट से 274 लोग देश लौटे। 14 अक्टूबर को भारतीयों का दूसरा दल दिल्ली पहुंचा था। इससे 235 लोग देश वापस आए। 13 अक्टूबर को एअर इंडिया की फ्लाइट से 212 लोग दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। अब तक इजराइल में फंसे 918 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है।
प्रभावित इलाकों में पहुंचे नेतन्याहू
14 अक्टूबर की रात इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहली बार हमास हमलों से प्रभावित इलाकों में पहुंचे। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, नेतन्याहू किबुत्ज बीरी और किबुत्ज कफर अज्जा पहुंचे। यहां सेना के अधिकारियों ने उन्हें जंग के हालात की जानकारी दी।
इजराइल पर सीरिया ने भी हमला किया
इजराइली सेना ने कहा- शनिवार देर रात सीरिया की तरफ से दो रॉकेट दागे गए। इसके जवाब में इजराइल ने सीरिया के अलेप्पो एयरपोर्ट पर हमला कर दिया। जिसके बाद एयरपोर्ट की वर्किंग को रोक दिया गया है। सीरियाई मीडिया के मुताबिक, इजराइली हमलों के बाद एयरपोर्ट का रनवे तबाह हो गया।
20 लाख लोगों की जिंदगी दांव पर लगी
इजराइल ने रात भर गाजा पर बम बरसाए। इससे वहां 24 घंटे में 320 लोगों की मौत हुई है। इजराइल ने गाजा की तरफ वाटर और इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई को रोक दिया था। इससे वहां पानी खत्म होने की कगार पर है। UN ने कहा है कि इससे 20 लाख लोगों की जिंदगी दांव पर लगी है।
दूसरी तरफ इजराइली न्यूज वेबसाइट हारेट्ज ने बताया है कि कल देर रात इजराइल की डिफेंस फोर्सेज ने गाजा सिटी में रेड की थी। ये रेड उन इलाकों में की गई थी, जहां हमास ने इजराइल के 150 बंधकों को रखा था। वहां इजराइली सैनिकों को कई लाशें और कुछ सामान मिला है। जो हमास के बंधकों और उन लोगों का बताया गया है जो 7 अक्टूबर को हुए हमले के बाद से लापता थे।
इजराइल ने 9 अक्टूबर को गाजा की तरफ वाटर और इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई को रोक दिया था। इससे वहां पानी खत्म होने की कगार पर है।
अपडेट्स…
अमेरिका इजराइल से अपने नागरिकों को समुद्र के रास्ते से रेस्क्यू करेगा।
शनिवार रात 11 बजे के बाद तेल अवीव में एक बार फिर सायरन बजने लगे, जिसके बाद लोग शेल्टर में पहुंचे।
इजराइली बमबारी के डर से उत्तरी गाजा के लोग पैदल भी अपने घर छोड़कर निकल गए हैं। अब तक 4 लाख लोग गाजा छोड़कर जा चुके हैं।
हमास के हमलों के चलते इजराइल में भी लोग घर छोड़ रहे हैं।
शनिवार (14 अक्टूबर) को हिजबुल्लाह ने इजराइल की तरफ 30 मोर्टार दागे। वहीं, इजराइली सेना ने लेबनान की तरफ से हुए हमले का जवाब देते हुए हिजबुल्लाह के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की।
गाजा में इजराइली हमले की तस्वीरें…
इजराइली सेना के सीक्रेट्स जानता था हमास
हमास के प्लानिंग डॉक्यूमेंट्स, वीडियो और इजराइली सेना के अधिकारियों के कुछ बयान सामने आए। इनसे साफ होता है कि लड़ाकों को इजराइली मिलिट्री की वर्किंग के बारे में सटीक जानकारी थी। वो ये जानते थे कि सेना की स्पेसिफिक यूनिट कहां तैनात है। इतना ही नहीं, हमास के लड़ाकों को इस बात की भी जानकारी थी कि किन इलाकों में सेना को पहुंचने में और दोबारा इकट्ठा होने में कितना समय लगेगा।
हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने शनिवार को कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।
इजराइल और फिलिस्तीन के बीच क्यों है विवाद
मिडिल ईस्ट के इस इलाके में यह संघर्ष कम से कम 100 साल से चला आ रहा है। यहां वेस्ट बैंक, गाजा पट्टी और गोलन हाइट्स जैसे इलाकों पर विवाद है। फिलिस्तीन इन इलाकों समेत पूर्वी यरुशलम पर दावा जताता है। वहीं, इजराइल यरुशलम से अपना दावा छोड़ने को राजी नहीं है।
गाजा पट्टी इजराइल और मिस्र के बीच में है। यहां फिलहाल हमास का कब्जा है। ये इजराइल विरोधी समूह है। सितंबर 2005 में इजराइल ने गाजा पट्टी से अपनी सेना वापस बुला ली थी। 2007 में इजराइल ने इस इलाके पर कई प्रतिबंध लगा दिए। फिलिस्तीन का कहना है कि वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र की स्थापना हो।
अल-अक्सा मस्जिद में इजराइली पुलिस ने नमाजियों को गिरफ्तार किया; हमास ने कहा- कीमत चुकानी पड़ेगी
इजराइल में यरुशलम के अल-अक्सा मस्जिद में पुलिस और फिलिस्तीनियों की बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया और उन पर पवित्र मस्जिद को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, कुछ फिलिस्तीनियों ने खुद को पटाखों, लाठी और पत्थरों के साथ मस्जिद में बंद कर लिया था और बाहर बैरिकेडिंग लगा दी थी।



