Breaking Newsअन्य खबरेंधर्म

मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करेंगी मुस्लिम महिलाएं, ईदगाह में इंतजाम

मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करेंगी मुस्लिम महिलाएं, ईदगाह में इंतजाम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की ताजुल मसाजिद सहित बाजारों के आसपास चुनिंदा मस्जिदों में मुस्लिम महिलाओं के लिए नमाज का इंतजाम होने की कड़ी में ईदगाह स्थित मस्जिद नजमुल में इस जुमे से महिलाओं के लिए नमाज का इंतजाम रहेगा।

महिलाओं के लिए पर्दे
मुस्लिम महिलाएं फिलहाल यहां पर सिर्फ जुमे के दिन ही नमाज अदा कर सकेंगी। इसके बाद आम नमाजों में भी इसकी शुरुआत की जाएगी। आने वाले शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज शहर की महिलाओं के लिए खास होगी। मस्जिद की प्रबंधन कमेटी से जुड़े लोगों का कहना है कि यहां नमाज पढ़ने आने वाली महिलाओं के लिए पर्दे के साथ अलग फ्लोर पर इंतजाम किए गए हैं।

नमाज का खुतबा दोपहर एक बजे
कमेटी के सदस्यों की ओर से बताया गया कि महिलाओं के वुजू और वॉशरूम का भी अलग से इंतजाम किया गया है। गौरतलब है कि मस्जिद नजमुल में जुमे की नमाज का खुतबा दोपहर एक बजे शुरू होता है। यहां आने वाली महिलाएं एक अलग फ्लोर पर खुतबा भी सुन पाएंगी। साथ ही इमाम द्वारा पढ़ाई जाने वाली नमाज में जमात के साथ शामिल हो सकेंगी। मुस्लिम महासभा अध्यक्ष मुनव्वर अली खान का कहना है कि शहर में मौजूद बाजारों के आसपास बड़ी संख्या में मस्जिदें मौजूद हैं। लेकिन नमाज के लिए इंतजाम न होने से उनकी नमाज समय पर अदा नहीं हो पाती है। शहर के बाजारों के आसपास की मस्जिदों में महिलाओं की नमाज का इंतजाम किया जाना चाहिए।

बेगमों का शासनकाल

रियासत भोपाल की विरासत महिला शासकों के हाथों में रही है। इसके चलते शहर में मौजूद सैकड़ों मस्जिदों में से अधिकांश के नाम महिलाओं के नाम पर हैं। इनमें मस्जिद कुलसुम बिया, मस्जिद मांजी साहिबा, मस्जिद नन्हीं बिया जैसी कई मस्जिदें शामिल हैं। शहर की इन मस्जिदों में से अधिकांश में महिलाओं की नमाज के लिए अलग से इंतजाम किए गए थे। बेगमों के शासनकाल तक यहां महिलाओं का मस्जिदों में नमाज पढ़ने जाने का रिवाज आम हुआ करता था।

Related Articles

Back to top button