शिवराज और सीएम डॉ. यादव की मुलाकात, प्रदेश के किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा
शिवराज और सीएम डॉ. यादव की मुलाकात, प्रदेश के किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री चौहान के साथ किसानों के कल्याण तथा प्रदेश में संचालित ग्रामीण विकास योजनाओं के संबंध में विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।
हालांकि, चर्चा यह भी है कि दोनों नेताओं के बीच अतिथि शिक्षकों के आंदोलन को लेकर भी चर्चा हुई।
प्रदेश में अतिथि शिक्षकों का आंदोलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। हाल ही में अतिथि शिक्षकों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोका और उनसे सीधे सवाल किया कि उनके वादों का क्या हुआ? शिक्षकों ने शिवराज से कहा कि आपने जो वादा किया था, उसका क्या हुआ?” शिवराज सिंह ने जवाब में उन्हें आश्वासन दिया कि वह अपनी पूरी ताकत से उनके लिए लड़ेंगे। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान अगले ही दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। दोनों के बीच लंबी चर्चा हुई, हालांकि, बैठक के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान किसानों के मुद्दे पर चर्चा होने की जानकारी साझा की गई। लेकिन सूत्रों के अनुसार, इस चर्चा में अतिथि शिक्षकों की मांगों और राज्य के विभिन्न विकास कार्यों पर बातचीत हुई।
शिवराज सिंह चौहान ने अतिथि शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि वह उनकी समस्याओं को हल करने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। शिक्षकों ने उनसे उम्मीद जताई कि वे ही उनकी समस्याओं का समाधान निकाल सकते हैं। वहीं, शिवराज ने इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण से जुड़े विविध विषयों पर सार्थक चर्चा की।



