Breaking Newsअन्य खबरेंभोपाल

भोपाल नगर निगम में भारी हंगामा, बैरिकेड्स फांदकर अंदर घुसे कांग्रेसी, मेयर के ’11 सिर वाले’ पुतले का दहन

भोपाल नगर निगम में भारी हंगामा, बैरिकेड्स फांदकर अंदर घुसे कांग्रेसी, मेयर के '11 सिर वाले' पुतले का दहन

भोपाल: सोमवार को भोपाल नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौवंश विवाद और शहर में दूषित पानी की आपूर्ति को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस की भारी तैनाती और बैरिकेडिंग के बावजूद, कार्यकर्ता बैरिकेड्स फांदकर निगम परिसर में घुस गए।

उन्होंने नारेबाजी करते हुए महापौर और एमआईसी सदस्यों के इस्तीफे की मांग की।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

इस हंगामे के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई। प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद, कार्यकर्ताओं ने महापौर और एमआईसी सदस्यों के पुतले रावण के रूप में जलाए। उन्होंने महापौर की 11 सिर वाली कटआउट भी निकाली।
11:30 पर शुरु हुआ प्रदर्शन

रवींद्र साहू ‘झूमरवाला’ के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुआ। शहर के विभिन्न वार्डों, जिनमें बीएचईएल क्षेत्र भी शामिल है, के पूर्व निगम पार्षद और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। साहू ने बताया कि कई वार्डों के निवासी लगातार गंदे, बदबूदार और दूषित पानी की आपूर्ति से परेशान हैं। यह पानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है। उन्होंने बीएमसी से सख्त कार्रवाई और गहन जांच की मांग की।
सनातनी सरकार की चुप्पी पर सवाल

भोपाल में कांग्रेस ने गोहत्या और मांस निर्यात के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना ने आरोप लगाया कि भोपाल के जिंसी चौराहे के नीचे गोहत्या हो रही है और लाखों टन मांस दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि खुद को सनातनी बताने वाली सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।
मेयर से मांगा इस्तीफा

मोनू सक्सेना ने यह भी कहा कि नगर निगम ने नियमों को ताक पर रखकर स्लाटर हाउस का टेंडर दिया है। इसमें महापौर मालती राय और एमआईसी का हाथ है। उन्होंने कहा कि शहरवासी टैक्स देते हैं, लेकिन उन्हें अच्छी सड़कें और साफ पानी नहीं मिलता। नालियों की हालत भी खराब है। इसलिए, गोहत्या को बढ़ावा देने वाली महापौर को इस्तीफा दे देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button