Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

भोपाल कोर्ट में वकील की पिटाई! पूर्व सांसद के बेटे पर हमला, अदालत परिसर में हड़कंप

भोपाल कोर्ट में वकील की पिटाई! पूर्व सांसद के बेटे पर हमला, अदालत परिसर में हड़कंप

भोपाल की जिला अदालत में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक अधिवक्ता पर कोर्ट परिसर में ही हमला कर दिया गया. पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे अनंत संजर पर हुए इस हमले ने न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए.

घटना इतनी अचानक हुई कि जज के सामने ही मारपीट शुरू हो गई, जिससे पूरा परिसर सकते में आ गया.

जज के सामने वकील की पिटाई

यह घटना उस समय हुई जब अनंत संजर अपनी पत्नी से जुड़े मामले में काउंसलिंग के सिलसिले में कोर्ट में मौजूद थे. बताया गया कि तभी उनके परिजनों ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले में अनंत को गंभीर चोटें आईं और उनके कपड़े तक फट गए. इस वारदात ने न्यायालय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हमले में शामिल आरोपी पर धमकी का आरोप

अनंत संजर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके साले विघुत भटनागर ने न सिर्फ उन पर हमला किया बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. हमले के बाद घायल संजर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उनका इलाज जारी है.

फैमिली कोर्ट के बाहर लगी भीड़

घटना के बाद अदालत परिसर में बड़ी संख्या में वकील इकट्ठा हो गए. फैमिली कोर्ट के बाहर भीड़ बढ़ती गई और गुस्से में वकीलों ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आरोपी को बचाने के लिए उसे फैमिली कोर्ट के अंदर ही बंद कर दिया और बाद में भारी सुरक्षा के बीच थाने ले जाया गया.

सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

अदालत परिसर में हुए इस हमले ने वकीलों में भारी आक्रोश फैला दिया है. जिला अभिभाषक संघ ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. वकीलों का कहना है कि अगर अदालत के अंदर भी सुरक्षा नहीं है, तो न्यायिक प्रक्रिया कैसे सुरक्षित रह पाएगी.

Related Articles

Back to top button