Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेशराजनीति

एमपी पोलोटिक्स, शिवराज और तोमर मुख्यमंत्री की दौड़ में आगे, 23 को नेता का चयन, 24 को दावा, 25 को शपथ


भोपाल। नवरात्र की घट पूजा के दिन यानी 25 मार्च को मप्र को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। भाजपा विधायक दल की बैठक 23 मार्च को बुलाई गई है। इसमें विधायक दल का नेता तय हो जाएगा। अगले दिन पार्टी सरकार बनाने का दावा पेश करेगी और इसके अगले दिन नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का राजभवन में शपथ ग्रहण होगा। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में 26 से 28 सदस्य होंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर में से किसी एक का नाम फाइनल होगा।
दूसरी ओर, बेंगलुरू में 12 दिन बिताने के बाद कांग्रेस के 21 बागी शनिवार दिन में दिल्ली पहुंचकर भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने शपथ दिलाई। इसके बाद सभी 21 बागी भोपाल आए और रात को ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के घर पहुंचे। 22वें बागी सुरेश धाकड़ पारिवारिक कारण से दिल्ली नहीं जा सके। वे बाद में भाजपा की सदस्यता लेंगे। नए मंत्रिमंडल में इनमें से 6 बागियों को मंत्री बनाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक बागियों में से करीब छह बड़े नेता नई सरकार में तुरंत मंत्री बन सकते हैं। इसमें सिंधिया समर्थकों को ज्यादा तवज्जो मिलेगी। इसके बाद छह माह के भीतर ये उपचुनाव में उतरेंगे। गोविंद सिंह राजपूत, एंदल सिंह कंसाना, बिसाहूलाल, तुलसी सिलावट, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न तोमर, इमरती देवी और राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव के नाम चर्चा में हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि सिंधिया की भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से 10 मंत्रियों को बनाए जाने पर बात हुई है। यदि शुरुआत में कम संख्या में मंत्री बनते हैं तो उपचुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में बाकियों को मौका मिलेगा। पोहरी से पूर्व विधायक सुरेश धाकड़ ने पारिवारिक कारणों चलते फिलहाल भाजपा ज्वाइन नहीं की। पहले बागियों को दिल्ली में सदस्यता दिलाए जाने की योजना नहीं थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के आग्रह पर नड्ढा के निवास पर सदस्यता दिलाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ये भाजपा में आए
गोविंद राजपूत, तुलसी सिलावट, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न तोमर, इमरती देवी, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, गिर्राज दंडोतिया, कमलेश जाटव, ओपीएस भदौरिया, रणवीर जाटव, मुन्नालाल गोयल, रक्षा सरौनिया, जसवंत जाटव, जजपाल सिंह जग्गी, ब्रजेंद्र यादव, मनोज चौधरी, रघुराज कंसाना, एंदल सिंह कंसाना, बिसाहूलाल और हरदीप डंग।
भाजपा अध्यक्ष से मिले बसपा और सपा विधायक
मप्र के सपा विधायक राजेश शुक्ला और बसपा के संजीव कुशवाह शनिवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। इधर, नेता प्रतिपक्ष ने गोपाल भार्गव ने भाजपा विधायकों को पत्र लिखकर 15 महीने विपक्ष में रहकर संघर्ष करने के लिए धन्यवाद दिया। कहा कि नई सरकार के गठन के साथ भाजपा को कुशल, सख्त और प्रभावी प्रशासन मिलेगा।
27 को अंतरिम और जुलाई में पूर्ण बजट
पूर्व की कमलनाथ सरकार ने तय किया था कि 18 मार्च को बजट पेश करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। नई सरकार सत्ता में आते ही 27 मार्च को अंतरिम बजट पेश करेगी। इसका आकार करीब 70 से 80 हजार करोड़ रु. का होगा। यह अप्रैल, मई और जून तक के लिए होगा। जुलाई में फिर पूर्ण बजट पेश किया जाएगा। मप्र के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब लगातार दूसरी बार नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत अंतरिम बजट से हो रही है।

Related Articles

Back to top button