गुटखे का गोरखधंधा। सांवेर रोड के गोदाम पर छापा सिगरेट बनाने की सामग्री पकड़ी; वाधवानी से पूछताछ जारी, रुपए शिफ्ट होने की लिंक पकड़ने में जुटे अफसर


इंदौर. पान मसाले में 233 करोड़ की टैक्स चोरी को लेकर डीजीजीआई ने शनिवार को सांवेर रोड के एक गोदाम पर दबिश देकर सिगरेट बनाने की कच्ची सामग्री और पैकिंग मटेरियल बरामद किया है। सिगरेट पर टैक्स मूल कीमत का तीन गुना तक होता है, ऐसे में अब टैक्स चोरी का आंकड़ा भी बढ़ सकता है। कुछ लोगों से पूछताछ में जानकारी मिलने के बाद ये कार्रवाई हुई।
इधर, विभाग उद्योगपति किशोर वाधवानी से भी लगातार पूछताछ कर रहा है। इसमें फोकस डमी कंपनियों व वाधवानी के रिश्ते को कागज पर लाने का है। इसके साथ ही देखा जा रहा है कि इन डमी कंपनियों में आने वाली राशि और जाने वाली राशि में किस-किसकी भूमिका रही। इस मनी को ट्रेस करने में अफसर उन बैंकों से भी जानकारी जुटा रहे हैं, जिसमें इन डमी कंपनियों के खाते हैं और जहां पर लगातार राशि आ-जा रही थी।
विभाग के पास वाधवानी की रिमांड सोमवार दोपहर तक के लिए है। ऐसे में अगले कुछ घंटे काफी अहम हैं, लिहाजा कई तरह के दस्तावेज सामने रखकर वाधवानी से सतत पूछताछ हो रही है। विभाग ने कोर्ट की सुनवाई में कहा था कि वाधवानी ने दुबई के होटल में टैक्स चोरी की राशि लगाई और इसे पाकिस्तान भी भेजने की आशंका है। इस बिंदु के दस्तावेज जुटाने के लिए अफसर मशक्कत कर रहे हैं और उन्हें रिमांड अवधि में ही इससे जुड़ी सारी जानकारी हासिल करना है।



