Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

मप्र पुलिस की बेरहमी का मामला :राहुल गांधी ने गुना में किसान और उसके परिवार की पिटाई की घटना पर कहा- हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के खिलाफ है


मध्य प्रदेश के गुना की घटना के दो दिन बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीटर पर वीडियो शेयर करके लिखा- ‘हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के खिलाफ है।’ घटना मंगलवार की है। गुना में सरकारी जमीन पर कब्जा छुड़ाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम ने विरोध करने पर दलित दंपती की बुरी तरह पिटाई की थी। दंपती खेत में अंकुरित हो रही फसल को जेसीबी से उजाड़ने का विरोध कर रहे थे। घटना से आहत दंपती ने कीटनाशक पी लिया था। दंपती के 7 बच्चे हैं और वह अस्पताल में जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने दंपती के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
इधर, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने घटना को बेहद शर्मनाक और अति क्रूर बताया। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर दूसरे दिन शाम को सरकार हरकत में आई और गुना कलेक्टर, एसपी को हटाने के आदेश दे दिए। नए एसपी की तैनाती और पुराने की रवानगी का आदेश भी आ गया।
गुना एसपी तरुण नायक का तबादला पुलिस मुख्यालय भोपाल कर दिया गया है। उनके स्थान पर राजेश कुमार सिंह को नया एसपी बनाया गया। कलेक्टर एस विश्वनाथन को हटाने का आदेश जारी हो गया, लेकिन नए कलेक्टर की तैनाती अभी नहीं की जा सकी है।
भाजपा पर हमलावर हुईं मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने दलित की फसल उजाड़ने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने गुरुवार को कहा कि यह सरकार भी कांग्रेस की तरह ही काम कर रही है। उन्होंने घटना को लेकर आज दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में कहा कि गुना पुलिस और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर कर्ज लेकर तैयार की गई फसल को जेसीबी मशीन से बर्बाद कर दिया गया, जिससे दलित दंपती आत्महत्या के प्रयास के लिए मजबूर हो गया। यह अति क्रूर और शर्मनाक है। इस घटना की देशव्यापी निंदा स्वाभाविक है। सरकार इस पर जल्द कार्रवाई करे।
भाजपा सरकार दलितों को बसाने का सिर्फ ढिंढोरा पीटती है
मायावती ने दूसरे ट्वीट में कहा कि एक ओर तो भाजपा और इसकी सरकार दलितों को बसाने का ढिंढोरा पीटती है जबकि दूसरी ओर उन्हें उजाड़ने की घटना आम है। यह पहले कांग्रेस के शासन में हुआ करता था। उन्होंने सवाल उठाया कि दोनों सरकारों में क्या अंतर है। खासकर दलितों को इस बारे में भी जरूर सोचना चाहिए।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे दंपती पर केस
दंपती गुना के जिला अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दंपती पर आरोप है कि उन्होंने जमीन से दूसरी बार कब्जा हटाने के दौरान जहर खाकर जान देने की कोशिश की।

Related Articles

Back to top button