Breaking Newsअन्य खबरेंराज्य

राजस्थान में सियासी उठापटक:स्पीकर के नोटिस के खिलाफ पायलट खेमे के विधायकों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की, तीन बजे सुनवाई होगी


राजस्थान में सियासी संग्राम के बीच कांग्रेस के बागी विधायक स्पीकर के नोटिस के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। जज सतीश चंद्र शर्मा की कोर्ट में दोपहर तीन बजे सुनवाई होगी। बुधवार को स्पीकर डॉ. सीपी जोशी ने सचिन पायलट समेत 19 कांग्रेस विधायकों को नोटिस भेजकर 17 जुलाई तक जवाब देने को कहा था।
मुख्य सचेतक महेश जोशी ने विधानसभा सचिवालय में शिकायत की थी कि ये विधायक पार्टी की विधायक दल की बैठक से बिना सूचना दिए गैरहाजिर रहे। जबकि पार्टी ने व्हिप जारी किया था। इन पर एंटी डिफेक्शन लाॅ (दल-बदल कानून) लागू होता है। इसके तहत विधायकों की सदस्यता खत्म किए जाने का प्रावधान है। सचिन पायलट, रमेश मीणा, विश्वेंद्रसिंह, दीपेंद्रसिंह, भंवरलाल शर्मा, हेमाराम चौधरी, मुकेश भाकर, हरीश मीणा समेत 19 विधायकों को नोटिस भेजे गए थे।
कपिल सिब्बल ने पायलट से पूछा- घर वापसी को लेकर क्या ख्याल है
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने बुधवार को सचिन पायलट पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने कहा कि वे भाजपा में शामिल नहीं होंगे। मुझे लगता है कि मानेसर में रुके विधायक हरियाणा की भाजपा सरकार की नजरों में छुट्टियां मना रहे हैं। लेकिन घर वापसी का क्या?’
‘जादूगर गहलोत जनता को भ्रमित कर रहे’
बुधवार देर रात पायलट खेमे के 2 विधायक मुरारी लाल और रमेश मीणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हॉर्स ट्रेड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज कर दिया। दोनों ने कहा कि हमारी लड़ाई आत्मसम्मान की है। इनका कहना है कि हम गहलोत के काम से संतुष्ट नहीं हैं।
विधायक मुराली लाल ने कहा, ‘लोग मुख्यमंत्री गहलोत को जादूगर कहते हैं। उन्होंने हम लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। यह इस बात को पुख्ता करता है कि वे वास्तव में असली जादूगर हैं। उनमें भ्रमित करने की क्षमता है। वे जादू से ऐसी चीज दिखा रहे हैं, जो हकीकत में नहीं है।’ उन्होंने हम पर करप्शन के आरोप लगाए हैं। मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि पिछली बार जब उनकी सरकार थी और बहुजन समाज पार्टी से जब हम कांग्रेस में आए थे, तब हमने उनके कितने पैसे लिए थे। वे स्पीच देते थे कि इतने ईमानदार लोग, इतने ईमानदार विधायक मैंने जीवन में नहीं देखे। तो उस समय हम इतने ईमानदार थे और आज भ्रष्ट कैसे हो गए? वे हमें डराना चाहते हैं, लेकिन हमारे संस्कार डरने वाले नहीं हैं।
‘हम मुख्यमंत्री के काम से सहमत नहीं’
विधायक रमेश मीणा ने कहा, ‘सीएम ने जो स्टेटमेंट दिया है। वह अनुचित है। लोग उनकी कार्यशैली से और उनके कामकाज से असंतुष्ट हैं। राजस्थान में ब्यूरोक्रेसी हावी है। जनप्रतिनिधियों के काम नहीं हो रहे। हमने जो मांगे रखीं, उन पर सीएम ने ध्यान नहीं दिया।’
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- सरकार गिराने में जुटे थे पायलट
बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहली बार सीधा हमला करते हुए गंभीर आरोप लगाए। कहा- ‘पायलट भाजपा के साथ मिलकर सरकार गिराने की साजिश में लगे थे। 20 करोड़ का सौदा था। मेरे पास इसके सबूत भी हैं।’
राजस्थान के सियासी घटनाक्रम से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
1. सचिन पायलट की कांग्रेस में वापसी के आसार/राहुल गांधी चाहते हैं कि उन्हें फिर मौका मिले; अहमद पटेल भी लगातार पायलट के संपर्क में हैं
2. सबसे बड़ा सवाल- पायलट अब क्या करेंगे? :सचिन पायलट नई पार्टी बनाएंगे, बीजेपी में जाएंगे या फिर कांग्रेस में रहकर सब कुछ स्वीकार करेंगे
3. राजस्थान में हॉर्स ट्रेडिंग :एसओजी के केस ने सियासी तूफान ला दिया, सत्ता-संगठन बदल गए; सबूत के लिए बयान अभी बाकी हैं

Related Articles

Back to top button