हाथरस जा रहे राहुल गांधी का आरोप, यूपी पुलिस ने मुझे लाठी से पीटा और ज़मीन पर फेंका


Hathras Dalit Gangrape: हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी(Rahul Gandhi) ने उत्तर प्रदेश पुलिस(UP Police) पर बड़ा आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पीड़िता से मिलने जाते समय उत्तर प्रदेश की पुलिस ने उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की है.
राहुल गांधी ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए बताया कि उनके साथ उत्तर प्रदेश की पुलिस ने धक्का-मुक्की की और उनपर लाठी चार्ज किया. राहुल गांधी का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जमीन पर फेंक दिया. उन्होंने काह कि क्या सिर्फ मोदी जी ही इस देश में पैदल चल सकते हैं. एक आम इंसान पैदल नहीं चल सकता?
गौरतलब है कि हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गाड़ी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोक लिया. इसके बाद दोनों नेता यमुना एक्सप्रेस-वे से पैदल ही निकल पड़े. इससे पहले जब सुबह राहुल-प्रियंका के पीड़ित परिवार से मिलने के खबर आई थी तो प्रशासन की ओर से कहा गया था कि हाथरस में 31 अक्टूबर तक कोरोना वायरस की वजह से धारा 144 लागू है.
यूपी प्रशासन ने राहुल-प्रिंयका के आने से पहले बड़ी संख्या में इकट्ठा होने पर रोक लगा दी थी. यूपी प्रशासन ने कई जगहों पर नाकेबंदी भी कर दी थी. पीड़िता के गांव में मीडिया के जाने पर भी पाबंदी लगाई गई है. अधिकारियों ने कहा है कि 1 सितंबर से ही यहां कोरोना की वजह से प्रतिबंध लगा है.



