भोपाल: बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग, लूट के इरादे से धमका रहे थे रहवासियों को

भोपाल। विधानसभा चुनाव के दौरान सख्ती के बावजूद गुंडों के हौंसले बुलंद दिख रहे हैं। मामला राजधानी के टीटी नगर का है। यहां लूट की फिराक में घूम रहे एक बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के पहले इस बदमाश ने एक व्यापारी को लूटने की कोशिश भी की।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। टीटी नगर थाने में पदस्थ आरक्षक नारायण शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरक्षक शर्मा और अन्य जवान रात्रिकालीन ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि 12 दफ्तर कस्तूरबा स्कूल क्षेत्र के आसपास कुछ बदमाश गाली गलौज कर रहे हैं और हथियार लहराकर रहवासियों को आतंकित कर रहे हैं। इस सूचना पर ये जवान मौके पर पहुंचे तो यहां बदमाश शादाब जहरीला, गोलू तेली, शाहिद और अरबाज खान लोगों को धमका रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने के पहले इन लोगों ने एक व्यापारी से लूट की कोशिश भी की थी। लेकिन व्यापारी रुपए लेकर भाग निकला।
इधर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बदमाशों के हाथ हथियार देखकर उन्हें सरेंडर करने को कहा तो शादाब ने देशी पिस्टल से पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया। बदमाशों ने दो से तीन फायर किए। इन पुलिसकर्मियों ने
इस पर पुलिसकर्मियों ने और फोर्स की मांग की। जब अन्य जवान उनकी मदद के लिए पहुंचे तो सभी बदमाश मोटरसाइकिल से भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
आरक्षक नारायण शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल एक भी बदमाश नहीं पकड़ाया है।




