बयान / मोदी ने कहा- वंशवादी राजनीति से देश को नुकसान हुआ; प्रियंका का जवाब- जनता मूर्ख नहीं

मोदी ने ब्लॉग में कहा- 2014 में जनता ने वंशवाद की बजाय ईमानदारी को चुना
आने वाले लोकसभा चुनावों में भी सोच समझकर मतदान करें: मोदी
प्रियंका गांधी बोलीं- जितना प्रताड़ित किया जाएगा, हम उतनी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंशवादी राजनीति के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोला है। मोदी ने बुधवार को ब्लॉग पोस्ट के जरिए कहा कि देश में जब-जब वंशवादी राजनीति हावी हुई तब-तब प्रेस से लेकर संविधान तक पर असर पड़ा है। 2014 में गैर-वंशवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ।
5 साल में देश को अहम उपलब्धियां हासिल हुईं: मोदी
मोदी ने लिखा है कि 2014 में देश की जनता ने वंशवाद की बजाय ईमानदारी को चुना। पतन की बजाय विकास के लिए वोट दिया। लोगों ने रुढ़िवाद की बजाय सुरक्षा, बाधाओं की बजाय अवसर और वोट बैंक की राजनीति की बजाय विकास के लिए मतदान किया था।
मोदी का कहना है कि एनडीए के 5 साल में देश ने कई क्षेत्रों में अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें सेनिटेशन, बैंकिंग, इकोनॉमी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री का कहना है कि उनकी सरकार ने संस्थानों को सबसे ऊपर रखा। मोदी ने आने वाले लोकसभा चुनावों में भी सोच-समझकर मतदान करने की अपील की है।
भाजपा ने देश के संस्थानों पर हमले किए: प्रियंका
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी को जवाब देते हुए कहा है कि देश की जनता मूर्ख नहीं है। लोग प्रधानमंत्री के दावों को समझ सकते हैं। भाजपा ने ही देश के संस्थानों पर हमले किए हैं। हमें जितना प्रताड़ित किया जाएगा, हम उतनी ही मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।



