Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

निगम आयुक्त के सामने गार्ड के साथ झूमाझटकी, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज

भोपाल। चांदबड़ एरिया में नगर निगम के जोन 10 कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे निगम आयुक्त बी विजय दत्ता के सामने उनके गार्ड से कुछ लोगों ने झूमाझटकी और गाली गलौज कर दी। निगम प्रशासन की तरफ से जोनल अधिकारी बलवीर मलिक के शिकायती आवेदन पर आधा दर्जन शरारती तत्वों के खिलाफ बजरिया थाने में शासकीय कार्य में बाधा डालने व बलवा केस सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि कहा जा रहा है कि इस दौरान निगम कमिश्नर के साथ भी धक्का-मुक्की हुई है, लेकिन कमिश्नर ने इससे इंकार किया है।
कमिश्नर को बस्ती में ले जाना चाहते थे रहवासी, झूमाझटी के दौरान गार्ड ने निकाली गन
मंगलवार को निगम कमिश्नर दत्ता जोन 10 के तहत आने वाले क्षेत्रों में सफाई, पेयजल, अमृत योजना के तहत चल रहे नाला नाली निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जोन कार्यालय के पीछे झुग्गी बस्ती के तीन चार लोग कमिश्नर दत्ता से मिले और बस्ती में हैंडपंप सुधरवाने और सार्वजनिक नल कनेक्शन लगाने की मांग की। कमिश्नर ने सहमति देते हुए संबंधित जलकार्य के इंजीनियर को इसके निर्देश दिए। फिर लोगों ने वाचनालय नहीं खुलने की शिकायत की। कमिश्नर ने वाचनालय की व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इसके बाद वे एक नर्सरी को देखने जाने लगे तभी पीछे से लोगों ने पीछे वाले रास्ते की बजाय आगे वाले रास्ते से जाने को कहा। जैसे ही कमिश्नर अपनी गाड़ी में बैठकर निकलने लगे लोग फिर गाड़ी के सामने आ गए। उनका कहना था कि पहले उनके साथ बस्ती में चलें अन्यथा गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। कमिश्नर के साथ मौजूद गार्ड ने नीचे उतरकर हंगामा कर रहे लोगों को हटने के लिए कहा, इस पर लोगों ने गार्ड से झूमाझटकी शुरू कर दी। गार्ड ने अपनी गन निकाली तो लोगों ने गाली गलौज शुरू दी। निगम कर्मियों ने बीच बचाव कर कमिश्नर की गाड़ी को किसी तरह रवाना किया।
पूरे घटना की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। लेकिन बजरिया थाने के टीआई प्रदीप वाल्मीकी देर शाम तक मीडिया से घटना को छुपाते रहे। उनका कहना था कि निगम की ओर से इस घटना को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
आचार संहिता का भी नहीं डर
हंगामा कर रहे स्थानीय लोगों को निगम अधिकारियों ने समझाइश दी कि आचार संहिता लगी हुई है, कमिश्नर मतदान केंद्रों की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। ऐसे में विवाद न करें। लेकिन हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि उन्हें किसी का कोई डर नहीं है। बताया जा रहा है कि सीवेज शाखा का एक कर्मचारी घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में देखने के लिए दत्ता जल्दी में थे।
कमिश्नर ने कहा- स्टॉफ के साथ अभद्रता सहन नहीं करेंगे
मेरे साथ अभद्रता नहीं हुई लेकिन हमारे स्टॉफ से जिस तरह की बदतमीजी की गई है उसे सहन नहीं किया जाएगा। हमने पुलिस में शिकायत करने के निर्देश दिए हैं। हमारा स्टॉफ लोगों को सुविधा देने के लिए 12-12 घंटे काम करता है। मैं खुद जोनवार निरीक्षण के दौरान लोगों से बातचीत करता हूं, समस्या भी सामने आ रही हैं। जिसका निराकरण भी कराया जा रहा है। हमने अपने स्टॉफ को साफ निर्देश दिए हैं कि फील्ड में नागरिकों से संयम से पेश आएं। लेकिन कोई व्यक्ति निगम कर्मियों से गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बी विजय दत्ता, कमिश्नर ननि
नगर निगम की शिकायत पर केस दर्ज
नगर निगम की शिकायत पर कुछ लोगों पर बलवा करते हुए और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button