Breaking Newsअन्य खबरेंराज्य

भोपाल सहित आठ सीटों पर थमा प्रचार, रविवार को मतदान


भोपाल। प्रदेश में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार थम गया। रविवार सुबह सात बजे से 18 हजार 141 मतदान केंद्रों पर एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 85 केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, 30 राज्य सशस्त्र बल, 18 हजार विशेष पुलिस सहित पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। चार हजार मतदान केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इन जगहों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रचार थमने के बाद अब सभा, जुलूस, रोड शो पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। शराब दुकानें अगले 48 घंटे बंद रहेंगी और सीमावर्ती जिलों में नाकों पर वाहनों की विशेष जांच होगी। बाहरी व्यक्तियों को चुनाव क्षेत्र की सीमा के बाहर जाना होगा। इस चरण में 32 हजार 909 सर्विस वोटर मतदान करेंगे। इनमें सर्वाधिक 12 हजार 653 भिंड संसदीय क्षेत्र से हैं।
भिंड में इनकी संख्या नौ हजार 63 है। इन सभी को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से डाक मतपत्र भेजे गए हैं। मुरैना, भिंड में सर्वाधिक संवेदनशील मतदान केंद्र रखे गए हैं। यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा पर विशेष जोर रहेगा। वेबकास्टिंग और सीसीटीवी के माध्यम से भी मतदान केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। करीब एक हजार ऐसे लोगों की पहचान भी की गई है जो मतदान को प्रभावित कर सकते हैं।

मतदान से पहले चुनाव आयोग ने की समीक्षा
मतदान से पहले शुक्रवार को चुनाव आयोग की टीम मुरैना और भिंड संसदीय क्षेत्र में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पहुंची। इस दौरान मतदान की तैयारियों के साथ कानून व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया। निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया कि कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती रखी जाए। कहीं पर भी भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। मतदान के बाद मशीनों को पूरी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम पहुंचाया जाए।

यहां होगा चुनाव
मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ ।

Related Articles

Back to top button