Breaking Newsअपराध

चलती कार में गला घोंटकर महिला की हत्या, सड़क पर फेंका शव


भोपाल। कटाराहिल्स इलाके में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के गले व हाथों पर संघर्ष के निशान हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी ने गला घोंटकर महिला की हत्या की और शव को चलती कार से सड़क पर फेंक दिया होगा। हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चल सकेगी। मृतका मंडीदीप की रहने वाली थी। शुरुआती जांच में उसके पति से अलग होने की बात सामने आई है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है।
एसडीओपी मिसरोद अनिल त्रिपाठी के अनुसार सतलापुर मंडीदीप की रहने वाली (37) निधि ठाकुर पति रामलाल ठाकुर का शव सुबह करीब सात बजे कटाराहिल्स थाने के पास मिला। सड़क पर शव लहूलुहान हालत में था। मौका मुआयना करने पर ऐसा लगा कि किसी ने उसे चलती कार से फेंका है। वह काफी श्रृंगार किए हुए थी। उसके पास एक बड़ा लेडीज पर्स मिला है।
एक निजी होटल में काम करती थी
जांच में सामने आया था कि महिला एक निजी होटल में काम करती थी। वह मंगलवार की सुबह अपने घर से निकली थी। किसी ने महिला को कार में बिठाया और उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को चलती कार से फेंक दिया।
बच्चों ने कहा-मंदिर जाने का कहकर निकली थी
पुलिस ने मृतका की बच्चियों को बुलाकर जानकारी जुटाई है। उन्होंने बताया कि महिला घर से मंदिर जाने का कहकर निकली थी। वह होशंगाबाद रोड पर स्थित मिलन होटल में काम करती थी। बच्चों के अनुसार उनकी मां की कई बार रात में ड्यूटी लगती थी और वह सुबह लौटती थी। मंगलवार को चार बजे से मां का फोन बंद था।
पुलिस को मिला एक संदेही
पुलिस ने इस हत्याकांड में एक संदेही को हिरासत में लिया है। वह उसके होटल पर आता-जाता रहता था। महिला का भी उसके साथ मिलना जुलना था। पुलिस सीसीटीवी भी खंगाल रही है। दावा है कि जल्द ही इस मामले में खुलासा कर दिया जाएगा।
जल्द खुलासा करेंगे
एक महिला की लाश मिली थी। शार्ट पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई है। इस पर थाना कटाराहिल्स में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के परिजनों व करीबियों से पूछताछ के बाद आरोपितों का खुलासा कर देंगे।

Related Articles

Back to top button