Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

Madhya Pradesh Congress : कांग्रेस अब संगठन को मजबूत करने में जुटी, सक्रिय हुए कमल नाथ


भोपाल। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के कारण ठप राजनीतिक गतिविधियां अब धीरे-धीरे बढ़ रही हैं। कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के दिल्ली से लौटने के बाद सोमवार से बैठकों का सिलसिला शुरू हो रहा है। कांग्रेस विधानसभा उपचुनाव को लेकर क्षेत्रों के स्थानीय नेताओं के साथ बैठकों के सिलसिले को आगे बढ़ा रही है।
दूसरी तरफ प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ अलग बैठकें शुरू की जाएंगी, जिनमें संगठन को मजबूती देने की कोशिशें होगी। कांग्रेस की कमल नाथ सरकार से गिरने के बाद पार्टी का सत्ता वापसी के लिए संगठन की तरफ विशेष ध्यान है, जिसके लिए लॉकडाउन के दौरान पीसीसी अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रमुख नेताओं के साथ चर्चा के बाद प्रस्ताव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) को भेजे थे।
इनके आधार पर जिला अध्यक्षों में बदलाव किया गया है। संबंधित जिलों में नियुक्तियों की प्रतिक्रिया पर नजर रखी जा रही है, जिसके तहत रायसेन जिले के पूर्व जिला अध्यक्ष मुमताज खान को पीसीसी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह गुना और मुरैना जिलों में शहर व ग्रामीण अध्यक्ष अलग-अलग कर दिए जाने से अध्यक्षों के अधिकारों में कटौती को लेकर भी कुछ नेताओं में नाराजगी का पता लगाया जा रहा है।
संगठन के पूर्व पदाधिकारियों को बुलावा अब संगठन को और मजबूती देने के लिए प्रमुख नेताओं को कमल नाथ ने बैठक के लिए बुलाया है। इनमें संगठन के प्रमुख पूर्व पदाधिकारियों को टेलीफोन कर बुलावे भेजे गए। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पीसीसी के प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रमुख नेताओं को मोबाइल से चर्चा के बाद बैठक के लिए बुलाया। हालांकि इन नेताओं की बैठकों का समय अभी तय नहीं हो सका है।
बैठकें कमल नाथ के श्यामला हिल्स स्थित नौ नंबर के सरकारी बंगले में बुलाई गई है और लॉकडाउन की वजह से नेताओं के अलावा उनके समर्थकों के प्रवेश पर सख्ती बरती जा सकती है। मुरैना की चार सीटों पर मंथन वहीं, कमल नाथ मुरैना जिले की चार सीटों दिमनी, अंबाह, सुमावली और जौरा में होने वाले उपचुनाव को लेकर एक और दो जून को बैठकें करने वाले हैं।
जौरा में उपचुनाव कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा का निधन के कारण होने जा रहा है और शेष तीनों सीटों पर कांग्रेस विधायकों एदल सिंह कंषाना, गिर्राज डंडौतिया और कमलेश जाटव के इस्तीफा देने से रिक्त हुए विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहा है। इन चारों सीटों के लिए होने वाली बैठकों में मुरैना के दोनों जिला अध्यक्ष सहित वरिष्ठ विधायक डॉ. गोविंद सिंह, केपी सिंह सहित अन्य स्थानीय नेताओं के भी पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button