CM शिवराज और सिंधिया पर जीतू पटवारी ने साधा निशाना, कहा…


भोपाल: मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भी विभागों के बंटवारे नहीं होने पर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने सीएम शिवराज और ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सीएम कमजोर हैं और मलाई खाने को बिल्लियां लड़ रहीं, पता नहीं मिस्टर विभीषण कब सड़कों पर उतरेंगे.
राज्य में किसानों की कर्जमाफी को लेकर जीतू पटवारी ने सिंधिया को चुनौती भी दी. उन्होंने कहा कि कृषि ऋण माफी योजना के तहत कमलनाथ सरकार ने लगभग 25 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था. इस मुद्दे पर आप जहां चाहे वहां तर्क संगत चर्चा कर सकते हैं.
जीतू पटवारी ने सिंधिया का नाम न लेते हुए कहा कि मिस्टर विभीषण कहते थे कि किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा तो वे सड़कों पर उतरेंगे. लेकिन इस वक्त वे कहां हैं? कब सड़क पर उतरेंगे? सिंधिया पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मिस्टर विभीषण इस समय मलाई खाने की जुगाड़ में लगे हुए हैं.
पटवारी ने राज्य सरकार पर मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि संविधान को ठेंगा दिखाकर अपने लालच के लिए संख्या से अधिक मंत्री बनाए गए हैं. इस मुद्दे को हम विधानसभा में भी उठाएंगे.
वहीं, यूपी के अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी और एनकाउंटर पर भी उन्होंने सवाल उठाया. पटवारी ने कहा कि विकास दुबे की गिरफ्तारी कर राज्य सरकार ने डाकिए का काम किया है. साथ ही एनकाउंटर को लेकर उन्होंने कहा कि अगर गाड़ी नहीं पलटी तो क्या कुर्सियां उलट जाती?
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में 10 दिन बाद बजट सत्र होना है. ऐसे में सवाल उठता है कि बिना वित्त मंत्री के बजट कौन जारी करेगा. प्रदेश के 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं. इसको लेकर पटवारी ने कहा कि विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस जीतेगी और सत्ता में कमलनाथ की वापसी होगी.



