10 गांव की जमीनों के विवाद पर सुनवाई :20 को शर्मिला टैगोर, सैफ और सोहा अली हाजिर हों…


भोपाल की पुरानी रियासत के गांवों में शामिल रही अब करोड़ों की कीमतों वाली 10 गांव की जमीनों को लेकर भोपाल संभाग की न्यायालय में सुनवाई होगी। न्यायालय में पेश होने के लिए फिल्मी अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, सोहा अली खान और सैफ अली खान को भी तलब किया गया है। अगर वे पेश नहीं हुए तो एकतरफा फैसला होगा।
भोपाल संभाग के अपर आयुक्त एचएस मीना के न्यायालय में सुनवाई होगी। नोटिस के मुताबिक संभागीय कार्यालय (पुराना सचिवालय) में अपर आयुक्त न्यायालय मेंं पेश होना होगा। नोटिस में साफ किया है कि 20 जुलाई को सुबह 10:30 बजे सभी स्वयं अथवा अपने वकीलों के साथ मौजूद हों। यह मामला मप्र शासन विरुद्ध एचएस नवाब, मेहरताज नवाब, साजिदा सुल्तान बेगम (मृतक) और उनके वारिसों सालेहा सुल्तान (मृतक) आमेर बिन जंग और अन्य के बीच कई वर्षों से चल रहा है। नोटिस में पता फ्लेग स्टॉफ हाउस अहमदाबाद पैलेस भोपाल दिया गया है। यह सुनवाई मध्यप्रदेश अकृषि जोत उच्चतम सीमा अधिनियम 1960 के अंतर्गत होगी।
10 गांवों की जमीन सीलिंग से बची : नोटिस के अनुसार 10 गांव का मामला है। गांव चिकलोद कलां, अमरथोन, शाहबाद तिलेंडी, झागर, नगरी, इमलिया, हिसंहपुर, दादरोद, बीजोर व सिमरोदा की जमीनें हैं। इन जमीनों को शासन स्तर से सिलिंग में नहीं लिया जा सका था। अब न्यायालय के फैसले के बाद ज़मीनों के स्वामित्व पर स्थिति साफ होगी।



