बाबरी केस:सीबीआई की विशेष अदालत में कल्याण सिंह के बाद अब आडवाणी और जोशी के बयान दर्ज होंगे, अगले महीने तक पूरी होनी है सुनवाई


बाबरी ध्वंस मामले में 22, 23 और 24 जुलाई को सीबीआई की विशेष अदालत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और शिवसेना नेता संजय प्रधान के बयान दर्ज करेगी। 22 को प्रधान, 23 को जोशी और 24 जुलाई को आडवाणी के बयान दर्ज किए जाएंगे।
28 सालों से लंबित बाबरी मस्जिद विध्वंस में आरोपी यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह 13 जुलाई को लखनऊ में सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए थे। कल्याण सिंह ने अपने 4 बयान दर्ज कराए थे। सिंह ने कहा था कि जिस वक्त बाबरी कांड हुआ उस समय प्रदेश का मैं मुख्यमंत्री था। कानून-व्यवस्था को लेकर जो मेरी जिम्मेदारी थी, मैंने उसका पूरी तरह से पालन किया था।
31 अगस्त तक सुनवाई पूरी होनी है
इस केस की सुनवाई अब अंतिम दौर में है। मामले में कुल 32 आरोपियों में से 22 से ज्यादा की गवाही को चुकी है। सभी गवाहों के बयान के बाद आरोपियों को भी सफाई का मौका दिया जाएगा। इसके बाद सीबीआई और आरोपियों के वकीलों के बीच बहस होगी। उसके बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने 8 मई को विशेष अदालत को 31 अगस्त तक केस की सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया था। साल 1992 में राम जन्मभूमि थाने में बाबरी विध्वंस केस दर्ज हुआ था।
1. कल्याण सिंह बोले- मैंने अयोध्या की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे; राजनीतिक दुश्मनी के कारण कांग्रेस ने मुझे फंसाया
2. बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में 31 अगस्त तक फैसला सुनाए अदालत, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दर्ज किए जाएं बयान



