Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

कांग्रेस की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, कमल नाथ करेंगे सिंधिया के गढ़ में मेगा शो


भोपाल। विधानसभा की 27 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में सर्वाधिक 16 सीटें ग्वालियर-चंबल संभाग से हैं। भाजपा की सक्रियता के बीच कांग्रेस भी यहां शक्ति प्रदर्शन कर रही है। क्षेत्रीय नेताओं को दिग्विजय सिंह ने एक मंच पर एकत्रित कर इसकी शुरुआत की है और कमल नाथ भी बैठकें लेकर मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
ग्वालियर में सिंधिया के खिलाफ प्रदर्शन में भीड़ जुटने पर कांग्रेस के हौसले बढ़े हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग में भाजपा ने जिस तरह उपचुनाव के पहले शंखनाद किया, उसी तर्ज पर कांग्रेस अपनी रणनीति बना रही है। भाजपा के सदस्यता अभियान में हजारों लोगों के पार्टी की सदस्यता लेने से कांग्रेस नेताओं में भीतर ही भीतर डर का अहसास भी हो रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीन दिन तक ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा के स्थानीय नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश की है। वहीं, कांग्रेस ने अब सिंधिया के गढ़ में भाजपा कार्यकर्ता की नाराजगी को भुनाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
उसने भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान जिस तरह आंदोलन किया, वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए संजीवनी साबित हुआ है। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने वहां पहुंचकर पार्टी के एक सूत्र में बंधे होने का अहसास कराने के लिए अपने विश्वस्त डॉ. गोविंद सिंह से लेकर रामनिवास रावत, देवेंद्र शर्मा जैसे नेताओं को साथ लेकर सिंधिया पर हमला बोला।
बुधवार को कांग्रेस के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखकर कांग्रेस नेताओं ने दावा करना शुरू कर दिया है कि जैसा माहौल बना है, उससे कांग्रेस के पक्ष में लोगों का रुझान दिखाई दे रहा है।
कमल नाथ की ग्वालियर-चंबल संभाग में धमाकेदार एंट्री कराएंगे
उपचुनाव के पहले कमल नाथ की ग्वालियर-चंबल संभाग में जबरदस्त सभा की तैयारी की जा रही है। क्षेत्र में उनकी धमाकेदार एंट्री कराई जाएगी, जिसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकत्रित कर सिंधिया को चुनौती दी जाएगी।
– केके मिश्रा, मीडिया प्रभारी, ग्वालियर-चंबल संभाग

Related Articles

Back to top button