Breaking Newsअन्य खबरेंअपराध

मॉल में कूदी युवती का प्रकरण:युवती के पति ने दो दिन पहले सल्फास खाकर जान दी, सुसाइड नोट में निगम के अधिकारी को बताया था जिम्मेदार; सीएम और गृह मंत्री के नाम भी दो पत्र लिखे थे


इंदौर; शुक्रवार दोपहर विजय नगर स्थित सी-21 मॉल की तीसरी मंजिल से डॉक्टर सानिया ने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सानिया की 15 दिन पहले ही उज्जैन के शुभम खंडेलवाल से शादी हुई थी। शुभम की दो दिन पहले बुधवार रात को मौत हो गई थी। उनकी कार का एक्सीडेंट हुआ था। जांच के दौरान पता चला है कि शुभम जहरीला पदार्थ खाकर गाड़ी चला रहे थे और उन्होंने आत्महत्या की थी। शुभम की जेब से एक सुसाइड नोट मिला मिला था, जिसमें उसने नगर निगम के दो इंजीनियर द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
उज्जैन गीता कॉलोनी में रहने वाले नगर निगम के 30 साल के ठेकेदार कि कार का एक्सीडेंट बुधवार की रात नलवा के समीप हो गया था। इसके बाद पुलिस शुभम खंडेलवाल की मौत को एक्सीडेंट में हुई मौत मानकर चल रही थी, लेकिन शुभम खंडेलवाल की जेब से मिले सुसाइड नोट के बाद पुलिस को पता लगा कि शुभम ने जहर खाकर आत्महत्या की है। दरअसल, शुभम ने सुसाइड नोट में नगर निगम के दो अधिकारी उपयंत्री नरेश जैन और संजय खुजनेरी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। शुभम ने सुसाइड नोट मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम भी लिखा था।
पुलिस को मिला शुभम द्वारा लिखा सुसाइड नोट

फरीदाबाद की रहने वाली सानिया डॉक्टरी की पढ़ाई करने तीन-चार साल पहले उज्जैन आई थी। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करते हुए उसकी मुलाकात शुभम खंडेलवाल से हुई। दोस्ती के बाद इन्होंने शादी का फैसला किया और 15 दिन पहले ही चिंतामन मंदिर में सादे समारोह में शादी की थी। बुधवार रात पति शुभम की मौत के बाद युवती के पिता उज्जैन आए और अपने साथ बेटी को फरीदाबाद लेकर जाने वाले थे। वे उज्जैन से लौटकर इंदौर में सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में एक होटल में रुके थे। उनकी दोपहर में फ्लाइट थी। इसलिए दोनों सुबह एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। यहां बेटी ने जूस पीकर आने का कहा। यहां से निकलकर वह सीधे मॉल पहुंची और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
शुभम की जेब से मिले दो लिफाफे और सुसाइड नोट


पुलिस ने शुभम की जेब से दो लिफाफे और एक सुसाइट नोट जब्त किया है। ये दो लिफाफे क्रमश: मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के नाम है, जो उन्हें ही भेजे जाएंगे। वहीं, परिजनों के नाम लिखे सुसाइट नोट में शुभम ने लिखा- पूज्य पिताजी एवं माताजी मुझे माफ कर देना। बहुत दिनों से परेशान था। नगर निगम के उपयंत्री नरेश जैन और संजय खुजनेरी व इनके साथी मुझे मानसिक तनाव दे रहे थे। मेरी मौत के ये सब जिम्मेदार हैं। इन्हीं की वजह से मैं आत्महत्या कर रहा हूं।
सल्फास खाने के बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ा
एफएसएल अधिकारी प्रीति गायकवाड़ ने बताया कि मृतक शुभम की गाड़ी से सल्फॉस की गोली के पांच खाली पॉकेट मिले हैं। पास ही एक ग्लास और जगह-जगह उल्टी की हुई मिली। इससे पता चलता है कि मृतक ने एक्सीडेंट से पहले सल्फॉस खाया था। संभवत: सल्फॉस खाने के बाद उसका संतुलन बिगड़ा और दुर्घटना हुई। उसकी कार के एयर बैग खुले थे। यानी गाड़ी हाई स्पीड में चल रही होगी। कार में मृतक ने काफी उल्टी कर रखी थी। उसके नमूने लेकर डीएनए के लिए भिजवाए जा रहे हैं।
डॉक्टरों ने नहीं लिया बिसरा, टीआई चक्रतीर्थ पहुंचे तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था, इसलिए उल्टी का डीएनए जरूरी
जांच में ये बात सामने आई है कि दुर्घटना के बाद अस्पताल में शुभम की सांसें चल रही थी। बाद में उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर इस बात से बेखबर थे कि उसने कुछ जहरीला पदार्थ खाया है लिहाजा उन्होंने बिसरा नहीं लिया और एक्सीडेंटल प्रकरण मानते हुए पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। ये जानकारी जब चिंतामण थाने के टीआई महेंद्र मकासरे को लगी तो वे गाड़ी से तुरंत चक्रतीर्थ पहुंंचे, लेकिन तब तक परिजन अंतिम संस्कार कर चुके थे। यदि अंतिम संस्कार नहीं हुआ होता तो संभवत: पुन: शव को पीएम रूम में लाकर बिसरा लिया जाता। लेकिन देर हो चुकी थी। ऐसे में तय हुआ कि अब मृतक की गाड़ी में पड़ी मिली उसकी उल्टी का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा।
उपयंत्री जैन व खुजनेरी ने गाड़ी के कांच फोड़ने, तथा जान से मारने की धौंस देने के शुभम पर करवाए थे प्रकरण दर्ज
इधर, इस पूरे मामले में उज्जैन नगर निगम के दोनों उपयंत्री जैन व खुजनेरी उलझते नजर आ रहे हैं। इसलिए कि कुछ दिनों पहले इन दोनों अधिकारियों ने खाराकुआं और चिमनगंज थाने में शुभम खंडेलवाल के खिलाफ अपनी गाड़ी के कांच फोड़ने, घर पर पत्थरबाजी करने तथा जान से मारने की धौंस देने के प्रकरण दर्ज करवाए थे। उस पर यह भी आरोप लगाए थे कि वह बिल पास करवाने के लिए दबाव बनाने के चलते यह सबकुछ कर रहा है।
रात 7.41 बजे बिल्डर्स एसोसिएशन के ग्रुप पर फोटो सेंड किया, उस पर कुछ लिखा भी था लेकिन डिलीट कर दिया
घटना से पहले रात 7.41 बजे बिल्डर्स एसोसिएशन के ग्रुप पर शुभम ने फोटो सेंड किया था। संभवत: उसने खुद की सेल्फी सेंड की थी। रात के अंधेरे में केवल चेहरा ही दिखाई दे रहा था। उसने सेल्फी के साथ कुछ लिखा भी था, लेकिन ग्रुप के लोग पढ़ते उससे पहले ही उसने डिलीट भी कर दिया था।

Related Articles

Back to top button