Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

उपचुनाव से पहले शिवराज का कांग्रेस पर तंज:मुख्यमंत्री ने कहा- हाथ पूरी तरह सैनिटाइज कर साफ कर देना है, कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत की, कहा- केस दर्ज होना चाहिए


मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर होने वाले उप चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘मेरे प्रिय दोस्तों! मध्यप्रदेश, बिहार, कर्नाटक समेत देश भर में कई जगह चुनाव होने वाले है। हमें कोरोना काल को देखते हुए चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का पूरा ध्यान रखना है। हाथ पूरी तरह सैनिटाइज कर साफ कर देना है।’
उधर, कांग्रेस ने चुनाव आयोग में सीएम शिवराज के ट्वीट को लेकर शिकायत की और केस दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव आयोग का अपमान करने का केस दर्ज करना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का मजाक उड़ाया है।
कांग्रेस प्रवक्ता सैयद जफर ने कहा, ’28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में दो गज की दूरी के साथ जनता गद्दारों की सफाई करेगी।’ वहीं, मीडिया को-ऑर्डिनेटर नरेंद्र सलूजा ने शिवराज के ट्वीट को री-ट्वीट कर लिखा, ‘कोरोना काल में एमपी में उपचुनाव होंगे कि नहीं, इसका फैसला चुनाव आयोग 29 सितंबर को एक बैठक में करेगा। आपको क्या चुनाव आयोग ने पहले से ही बता दिया है कि एमपी में चुनाव होने जा रहे है ? ये कैसा गठबंधन ? जनता गद्दारों को सैनिटाइज कर भाजपा से दो गज की दूरी बना लेगी।’
…इस तरह राज्य में 28 सीटें खाली हुईं
राज्य में 28 सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसका कारण मार्च में हुआ सियासी फेरबदल है। दरअसल, इस साल 10 मार्च को ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस के 22 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। फिर जुलाई में कांग्रेस के तीन विधायक- बड़ा मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, नेपानगर से सुमित्रा देवी कसडेकर और मांधाता विधायक भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा, 3 विधायकों का निधन हो गया। इस तरह कुल 28 विधानसभा सीटें खाली हो गईं।

Related Articles

Back to top button