Breaking Newsअन्य खबरेंराज्य

दिल्ली, UP सहित 6 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

देश में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को दिल्ली में 138.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव होने से यातायात भी बाधित हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि यह पिछले 14 साल में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश थी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी देश के कई हिस्सों में तेज बारिश होगी। अगले कुछ घंटों में हरियाणा के रोहतक, महम, झज्जर और उत्तर प्रदेश के खतौली, बड़ौत में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान के राजगढ़ जिले के आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली हरियाणा में नहीं मिलेगी राहत

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मध्य प्रदेश पर स्थित एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा समेत उससे जुड़े राज्यों और उत्तराखंड में लगातार बारिश होती रहेगी।

मध्य प्रदेश के इन जिलों में हो सकती है तेज बारिश

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच, आगर, शाजापुर, झाबुआ, बैतूल, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा जिलों में रविवार को तेज बारिश हो सकती है। साथ ही ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

अगले 5 दिनों तक पूरे दक्षिणी प्रायदीप में होगी बारिश

दक्षिण भारत में तमिलनाडु और पुडुचेरी में रविवार को जोरदार बारिश की संभावना है। इसके अलावा केरल, माहे और आंध्र प्रदेश में शनिवार को भारी बारिश दर्ज की गई। अगले 5 दिनों तक पूरे दक्षिणी प्रायद्वीप में भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर के इन राज्यों में 200 मिमी से अधिक हो सकती है बारिश

मौसम विशेषज्ञों ने बताया है कि मानसून ट्रफ का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य जगह के करीब है, लेकिन पूर्वी छोर सामान्य से अधिक दक्षिण में स्थित है। जैसे-जैसे पूर्वी छोर धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ेगा, पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश होगी। इस अनुमान से अगले सप्ताह बारिश होने की संभावना है। अगले पांच दिनों के लिए, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 200 मिमी से अधिक वर्षा होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button