गुजरात मे बड़ा हादसा: सागर नमक फेक्ट्री की दिवार ढही, मलबे में दबकर 12 मज़दूरों की मौत, 18 घायल
गुजरात मे बड़ा हादसा: सागर नमक फेक्ट्री की दिवार ढही, मलबे में दबकर 12 मज़दूरों की मौत, 18 घायल


मोरबी जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। घायलों में कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया।
बच्चों के भी घायल होने की आशंका
जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया व कलेक्टर समेत कई उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।
मृतक श्रमिकों में 5 महिलाएं भी शामिल हैं।
कई मजूदर खाना खाने चले गए थे
हादसे के करीब आधा घंटे पहले तक यहां 40 से ज्यादा मजदूर नमक की पैकिंग कर कर रहे थे। इनमें से कई खाना खाने बाहर चले गए थे। नहीं तो और मजदूरों की मौत हो जाती। कंपनी के कुछ श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए मजदूर राधनपुर तहसील के गांवों के रहने वाले हैं।
मृतकों के नाम…
रमेशभाई नरसिम्हाभाई खिराना
श्यामभाई रमेशभाई कोली
रमेशभाई मेघाभाई कोली
दिलाभाई रमेशभाई कोली
दीपकभाई सोमानी
राजूभाई जेरामभाई
दिलीपभाई रमेशभाई
शीतबेन दिलीपभाई
राजीबेन भरवाड
देवीबेन भरवाड
काजलबेन जेशाभाई
दक्षाबेन रमेशभाई कोली



