भोपाल बिना वजह रात में घूमने वालों से सख्ती से की जाएगी पूछताछ
भोपाल बिना वजह रात में घूमने वालों से सख्ती से की जाएगी पूछताछ


भोपाल! विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रात में चेकिंग करने का निर्णय लिया है। देर रात बिना वजह घूमने वाले वाहन चालकों की पहचान सुनिश्चित करने उनका नाम-पता, मोबाइल नंबर रजिस्टर में लिखा जाएगा।
संदिग्ध पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को हिरासत में भी लिया जा सकता है। विधानसभा चुनाव 2023 को दृष्टिगत रखते पुलिस कर्मियों को दिए जा रहे चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अफसरों ने रविवार को सावधानियां बरतने के सूत्र दिए।
चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला बल तथा सशस्त्र बल को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पिछले एक माह से चलाये जा रहे उक्त प्रशिक्षण में नगरीय पुलिस की विभिन्न इकाईयों, थानों, कार्यालयों, कंट्रोल रूम, पुलिस लाइन का बल शामिल हुआ। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय प्रशिक्षक प्रोफेसर जितेंद्र कुमार ने दिया। प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महावीर सिंह मुजाल्दे, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीतू ठाकुर द्वारा पुलिस कर्मियों को थ्योरीकल तथा प्रैक्टिकल चुनाव प्रक्रिया, चुनाव के पूर्व की तैयारियों, वोटिंग, मतगणना इत्यादि के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा जिम्मेदारियो के बारे में बताया गया तथा प्रशिक्षण दिया गया।



