पांच हजार का इनामी बदमाश जुबैर मौलाना तीन हफ्ते बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर, साथी भी फरार
पांच हजार का इनामी बदमाश जुबैर मौलाना तीन हफ्ते बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर, साथी भी फरार


भोपाल। राजधानी की पुलिस का इन दिनों मुखबिर तंत्र बुरी तरह से फेल हो चुका है, मकान , दुकान और वाहन चोरी में आरोपितों के साथ वह पुराने शातिर बदमाशों की जानकारी नहीं जुटा पा रही है।
बजरिया थाना क्षेत्र में हत्या के बाद फरार आरोपित के अलावा शहर के कुख्यात बदमाश जुबेर मौलाना भी कोर्ट के पास गोली चलाकर दहशत फैलाने के मामले में फरार है, पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं लग पाई है। जबकि वह लगातार मोबाइल का उपयोग कर अपने दोस्तों से फोन पर बात कर रहा है।
दो टीमें तलाश में जुटीं
हम बता दें कि दो सितंबर की रात दुर्गा नगर में नफीस नाम के एक युवक पर गोली चलवाकर जुबेर मौलाना ने दहशत फैला दी थी। उसके दो साथी सलमान व राजा का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने जुबेर पर पांच हजार का इनाम घोषित कर रखा है, जबकि उसके साथियों पर दो-दो हजार का इनाम घोषित है। इस बदमाश को पकड़ने के लिए एमपी नगर ओर क्राइम ब्रांच दोनों टीमें लगी हुई है,लेकिन आरोपित की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
जुआ खिलवाता है जुबेर

जुबेर मौलाना का नाम शहर के जुआरियों में जाना जाता है। वह पहले भी जुआ खिलवाने के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। इसमें भी नफीस से विवाद का कारण भी जुआ था, नफीस ने कहा था कि उसके भाई को जुआ खेलने के लिए मत बुलाया करो। इसी बात को लेकर जुबेर के भेजे गुंडों ने उस पर गोली चला दी थी। इस मामले में पीड़ित की ओर से शिकायत आने पर उस पर हत्या के प्रयास की धाराओं में एफआइआर दर्ज कराई गई थी।तब से मामले में पुलिस सिर्फ उसकी तलाशने की खानापूर्ति कर रही है, आरोपित नहीं मिल पा रहा है। जबकि घटना को हुए 23 दिन बीत चुके हैं।
विशेष संवाददाता, ज़ीशान मुजीब



