पीएम मोदी की अपील का असर: सीएम मोहन यादव ने काफिले में 13 से 8 की वाहनों की संख्या, ई-स्कूटी से दफ्तर पहुंचे मंत्री तोमर
पीएम मोदी की अपील का असर: सीएम मोहन यादव ने काफिले में 13 से 8 की वाहनों की संख्या, ई-स्कूटी से दफ्तर पहुंचे मंत्री तोमर


भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने की अपील के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में अब मंत्रियों और वीआईपी काफिलों में गाड़ियों की संख्या सीमित की जाएगी।
साथ ही सरकारी दौरों और भ्रमण के दौरान रैलियों पर भी रोक रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को Z प्लस सुरक्षा श्रेणी प्राप्त है। इसी वजह से उनके काफिले में अब तक कुल 13 वाहन शामिल रहते थे। नए आदेश के बाद भोपाल में स्थानीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री के काफिले में अब सिर्फ 8 वाहन शामिल होंगे।
ईंधन बचत सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- राष्ट्रहित में ईंधन की खपत कम करना समय की जरूरत है। इसकी शुरुआत सरकार खुद करेगी। सरकार ने यह भी तय किया है कि नवनियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारी सादगी के साथ कार्यभार ग्रहण करेंगे। ईंधन बचत सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर प्रदेश के हर नागरिक को अपने स्तर पर पेट्रोल-डीजल का खर्च घटाना चाहिए।
ई-रिक्शा से पदभार ग्रहण करने पहुंचे सत्येंद्र भूषण
पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर अमल करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी ई-स्कूटी से मंत्रालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह अपने विघानसभा क्षेत्र में भी ई-स्कूटी से ही जाएंगे। मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह भोपाल में मंगलवार को ई-रिक्शा से पदभार ग्रहण करने पहुंचे। हालांकि, उनके साथ समर्थकों का कार और बाइक काफिला भी नजर आया। मध्य प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन भी ई-रिक्शा से भाजपा कार्यालय पहुंचे।
साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे जज
मध्य प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी, मध्य प्रदेश कुश समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभु दयाल कुशवाहा ने भी मंगलवार को कार्यभार संभाला। वहीं जबलपुर में जस्टिस डीडी बंसल साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के बारे में सोचना देश के हर नागरिक का कर्तव्य है। मेरे जज होने का मतलब यह नहीं है कि मैं इसका पालन नहीं करूंगा। इसी लिए मैने साइकिल से अदालत जाने का निर्णय लिया।



