युवक से मारपीट कर धार्मिक टिप्पणी के मामले में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, कमिश्नर कार्यालय का घेराव
युवक से मारपीट कर धार्मिक टिप्पणी के मामले में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, कमिश्नर कार्यालय का घेराव


भोपाल। गोविंदपुरा क्षेत्र में हिंदू युवती के साथ होटल में मिले मुस्लिम युवक से मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में मंगलवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था।
युवक के साथ मारपीट करने के दौरान कुछ लोगों ने मुस्लिम समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां और नारेबाजी की, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवक कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो के आधार पर गोविंदपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में युवक के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार दिखाई दे रहा है। पुलिस संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी है।
उधर मामले में युवती के बयान भी सामने आए हैं। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह युवक के खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती।
उधर एसीपी गोविंदपुरा अदिति भावसार ने बताया कि जिस युवक से मारपीट का आरोप है उसने कोई शिकायत नहीं की। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
धार्मिक टिप्पणी और नारेबाजी किसने की है यह वीडियो में स्पष्ट तौर पर नहीं दिखाई दे रहा है। इसलिए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो की जांच भी कर रही है।



