आतंकवाद, भीड़ प्रबंधन, इंटरनेट मीडिया में दक्ष होंगे सिंहस्थ में तैनात होने वाले पुलिसकर्मी
आतंकवाद, भीड़ प्रबंधन, इंटरनेट मीडिया में दक्ष होंगे सिंहस्थ में तैनात होने वाले पुलिसकर्मी


भोपाल। उज्जैन में वर्ष 2028 में होने जा रहे सिंहस्थ की दृष्टि से 50 से अधिक पुलिसकर्मियों को उनके जिलों में ही छह दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें भीड़ प्रबंधन, इंटरनेट मीडिया के उपयोग और इसमे आने वाले विषयों को लेकर सतर्कता, आतंकवादी और माओवादी समस्या, मेला क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति जैसे 30 से अधिक विषयों पर छह दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण एक जून से प्रारंभ हो गया है, जो 31 दिसंबर तक चलेगा। इसके पहले मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया है।
डीआइजी कानून व्यवस्था तरुण नायक ने बताया प्रदेश भर में 20 चरणों में प्रशिक्षण होगा। उन सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो जिनकी सिंहस्थ में ड्यूटी संभावित है। प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक रेंज के डीआइजी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक जिले में एक सूबेदार को प्रशिक्षण प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, जो पूर्णकालिक रूप से प्रशिक्षण की निगरानी करेंगे। मेडिकल इमरजेंसी की दृष्टि से पुलिसकर्मियों को सीपीआर देने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
इन विषयों पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण माड्यूल में शारीरिक प्रशिक्षण, योग एवं मेडिटेशन से लेकर सिंहस्थ का ऐतिहासिक, धार्मिक एवं भौगोलिक परिचय, सिंहस्थ-2016 का पुनरावलोकन, पुलिस दायित्व, मेला क्षेत्र का जोन विभाजन, घाटों का संचालन, अस्थायी थानों की भूमिका, बल वितरण, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही, अभिसूचना संकलन, आतंकवाद एवं माओवाद से संबंधित चुनौतियां, मेला क्षेत्र में निगरानी एवं चेकिंग, शाही स्नान व्यवस्था, वीआइपी सुरक्षा, अखाड़ा व्यवस्था एवं जुलूस प्रबंधन, विस्फोटक एवं आइडी की पहचान एवं निराकरण के बारे में बताया जाएगा।



