Breaking Newsअन्य खबरेंमध्य प्रदेश

एमपी में 21 साल बाद फिर दौड़ेंगी सरकारी बसें, इंदौर से होगी शुरुआत, प्राइवेट बसों की मनमानी होगी खत्म

एमपी में 21 साल बाद फिर दौड़ेंगी सरकारी बसें, इंदौर से होगी शुरुआत, प्राइवेट बसों की मनमानी होगी खत्म

भोपाल। प्रदेश में 21 वर्ष बाद सरकारी कंपनी की बसें दौड़ेंगी। इंदौर से जुलाई-अगस्त में इसकी शुरुआत होने जा रही है। इसके साथ ही पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत 150 बसों का संचालन शहर से जुलाई में ही प्रारंभ होगा।

सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत प्रदेश में बसों के संचालन के लिए मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संचालक मंडल की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही संचालन के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के मार्गों में आने वाली बस सेवा एवं जन सुविधाओं को संबंधित कलेक्टर एवं नगरीय निकायों के माध्यम से बेहतर बनाया जाए। परिवहन विभाग के सचिव व बोर्ड के प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया।

सात क्षेत्रों में बांटकर होगा संचालन

प्रदेश को सात क्षेत्रों- इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर एवं रीवा में बांटकर बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंदौर क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर संभाग के समस्त जिले, इंदौर स्थित अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड और इंदौर संभाग से प्रारंभ होने वाली बसों का संचालन शामिल किया जाएगा। इंदौर संभाग के समीपवर्ती राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के लिए भी अंतरराज्यीय मार्गों पर अनुबंध अनुसार बसें चलेंगी।

किन मार्गों पर कितनी बसों का होगा संचालन

पहले चरण में क्षेत्रीय मुख्यालयों के सातों शहर से, प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों तक जाने वाले कुल 620 मार्गों को चिह्नित किया गया है, जिनमें कुल 2432 बसें चलेंगी। इंदौर क्षेत्र से प्रदेश के अन्य जिलों में कुल 121 मार्गों पर 608 बसों का संचालन होगा।

सात क्षेत्रीय मुख्यालयों से इस सेवा के तहत, सिटी बसों का संचालन भी किया जाएगा। बसें शहर से आगे महत्वपूर्ण उप नगरीय क्षेत्रों तक भी जा सकेंगी। इस श्रेणी में इंदौर में कुल 28 मार्ग चिह्नित किए गए हैं। इसमें 784 बसें (पीएम ई-बस सेवा की 150 बसों को मिलाकर) चलेंगी।
इंदौर क्षेत्र से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के लिए कुल 101 मार्गों पर 276 बसों का संचालन एआईसीटीएल द्वारा किया जाएगा।
प्रदेश के सात क्षेत्रों में सभी श्रेणी के कुल 1164 मार्गों को चिह्नित किया गया है, जिसमें कुल 5206 बसें संचालित होंगी।
कंपनियों में पदों की स्वीकृति और भर्ती के तरीके पर हुआ निर्णय

बैठक में सेवा के तहत गठित की गई राज्यस्तरीय कंपनी एवं सात सहायक क्षेत्रीय कंपनियों के अधोसंरचना एवं पदों की स्वीकृति भी दी गई। होल्डिंग कंपनी में प्रतिनियुक्ति, संविदा, संविलयन के आधार पर पदों की भर्ती की जा सकेगी।
राज्य स्तरीय होल्डिंग कंपनी में कुल 140 पद उच्च प्रबंध श्रेणी, वरिष्ठ प्रबंध श्रेणी एवं कनिष्ठ प्रबंध श्रेणी में स्वीकृत किए गए हैं। सात क्षेत्रीय सहायक कंपनियों में कुल 150 पदों की स्वीकृति दी गई।
सात सहायक क्षेत्रीय कंपनियों में कुल 1190 पद विभिन्न विभागों में सृजित करने की स्वीकृति संचालक मंडल द्वारा प्रदान की गई है। इनमें चरणबद्ध तरीके से अगले चार वर्षों तक पदों को भरा जाएगा।

Related Articles

Back to top button