आगरा में पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, ऊपर से कर दिया प्लास्टर! केस पढ़कर सोनम रघुवंशी और सिया को भूल जाएंगे
आगरा में पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, ऊपर से कर दिया प्लास्टर! केस पढ़कर सोनम रघुवंशी और सिया को भूल जाएंगे


आगरा: मध्य प्रदेश के चर्चित सोनम रघुवंशी और मेरठ के मुस्कान हत्याकांड के बाद अब उत्तर प्रदेश के आगरा से भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है।
आरोप है कि शव दफनाने के बाद फर्श पर प्लास्टर करा दिया गया और करीब डेढ़ महीने तक पति के लापता होने का नाटक किया गया। पुलिस ने फर्श खुदवाकर कंकाल बरामद किया है और मामले की जांच जारी है।
18 मई से लापता था सुरेंद्र
सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा पत्नी रूबी, दो बच्चों और मां के साथ रहते थे। मृतक के भाई अनिल शर्मा के अनुसार, 18 मई को रूबी ने फोन कर बताया कि पुलिस घर पर दबिश दे रही है, इसलिए बच्चों और मां को अपने साथ ले जाएं। इसके बाद उसने कहा कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। जिसके बाद अनिल शर्मा ने थाना सिकंदरा में सुरेंद्र की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
पुलिस के साथ खोजबीन का करती रही नाटक
परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र की तलाश के दौरान रूबी पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखने जाती रही और कॉलोनी में पति के लापता होने पर रोने-बिलखने का नाटक भी करती रही। हालांकि, उसके बयानों में लगातार विरोधाभास मिलने पर परिवार को शक होने लगा।
बैंक स्टेटमेंट से गहराया शक
अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी मां के बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जिसमें रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। इससे उनका संदेह और बढ़ गया। लगातार पूछताछ के बाद उन्होंने रूबी को भरोसा दिलाया कि सच बताने पर उसका साथ देंगे। इसके बाद रूबी ने घर बुलाकर कहा कि सुरेंद्र बाथरूम में है।
बाथरूम की खुदाई में मिला कंकाल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई। खुदाई के दौरान फर्श के नीचे से मानव कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।
कैसे की हत्या
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि सुरेंद्र नशे का आदी था। वह शराब के साथ-साथ नशे की गोलियां भी खाता था। हत्या वाले दिन रूबी ने सुरेंद्र को नशे की गोलियों की ओवरडोज दे दी। इसके बाद उसकी हत्या करके बाथरुम में उसके शव को गाढ़ दिया था। अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तय होगा।
पत्नी हिरासत में
पुलिस ने रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। पुलिस सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।
इलाके में सनसनी
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर हैरानी जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



