Breaking Newsअपराध

जमीन विवाद को लेकर पुलिसकर्मियों पर पथराव, सीएसपी समेत 11 घायल


भोपाल। 12 नंबर स्टॉप के पास रेलवे हाउसिंग सोसायटी और एक धार्मिक समिति के लोगों के बीच में जमीन विवाद को लेकर बुधवार सुबह बवाल हो गया। धार्मिक समिति के लोगों ने सोसायटी जमीन पर बनी दस पक्की दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने जब उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एक सीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सीएसपी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी पुलिस कर्मियों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने दो घायल एसआई और एक हाउसिंग सोसायटी की तरफ से आरोपित पक्षों पर तीन एफआईआर दर्ज की हैं।
एएसपी संजय साहू के अनुसार 12 नंबर स्टॉप के पास रेलवे हाउसिंग सोसायटी के आवास हैं। उनके बगल में हाउसिंग सोसायटी ने दस दुकानों का निर्माण कराया है। सोसायटी के अध्यक्ष केके पुरोहित का कहना है कि उनकी जमीन पर बगल में एक बस्ती के लोग रहते हैं। उन्होंने धर्मिक समिति बना रखी है। ये लोग रेलवे हाउसिंग सोसायटी की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। वर्तमान में यहां दस दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों में बुधवार सुबह तोड़फोड़ करने सौ से डेढ़ सौ करीब लोग जमा हो गए थे। उन्होंने डंडे, लोहे की रॉड और हथोड़े लेकर दुकान में तोड़फोड़ कर दी। दुकानें अभी निर्माणधीन होने के कारण उसमें कुछ सामान नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची।
समझाइश के दौरान हुआ पथराव
सूचना मिलने पर सीएसपी हबीबगंज भूपेंद्र सिंह अपने थाने के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा रहे थे। इस दौरान मिसरोद, शाहपुरा और हबीबगंज थाने का स्टाफ भी मौजूद था। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें सीएसपी हबीबगंज भूपेंद्र सिंह की पसली में गंभीर चोट लगी। उनके साथ 10 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों में टीआई शाहपुरा आशीष भट्टाचार्य, एसआई जयपाल बिल्लौरे, पीएसआई राहुल रॉय हबीबगंज थाना, हवलदार राजेंद्र मिश्रा, हवलदार सरोज सिंह, सिपाही शिवकुमार, सिपाही शैलेंद्र पाल, हवलदार ओमप्रकाश पाठक हबीबगंज, द्वारका परमार और सिपाही हरजेंद्र सिंह हैं।
काफी समय से चल रहा था विवाद
जिस जमीन पर दुकानें बनी हैं, उसे लेकर विवाद काफी समय से है। इस मामले में प्रशासन, नगर निगम और कोर्ट में जमीन को रेलवे हाउसिंग सोसायटी का ही पाया गया है। सोसायटी के अध्यक्ष केके पुरोहित का कहना है कि मंदिर समिति के लोग जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, जबकि हमारे पास सभी दस्तावेज मौजूद हैं।
आरोपितों के खिलाफ तीन एफआईआर
शाहपुरा पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की हैं। इसमें 27 नामजद आरोपित समेत अन्य 50 हैं। पहली एफआईआर रेलवे सोसायटी के अध्यक्ष केके पुरोहित की शिकायत की पर हुई है। दूसरी एफआईआर शाहपुरा थाने के एसआई जयपाल बिल्लौरे और तीसरी एफआईआर हबीबगंज थाने के पीएसआई राहुल राय की शिकायत पर की गई है।
पुलिस हिरासत में एक दर्जन आरोपित
पुलिस ने मामले में 27 नामजद व चालीस-पचास अन्य आरोपित बनाए हैं। इसमें करीब एक दर्जन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। नामजद आरोपितों में मनोज कुशवाहा, लीलाकिशन कुशवाहा, मोहन लाल कुशवाहा, राजू कुशवाहा, जगदीश कुशवाहा, नवल कुशवाहा, विनोद माली, दीपक कुशवाहा, पवन कुशवाहा, अनिल कुशवाहा समेत अन्य शामिल हैं।
दुकानों से रुक रहा रास्ता
मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा हैं। वे भू अभिलेख विभाग में शासकीय कर्मचारी हैं। मंदिर समिति दावा कर रही है कि दुकान गलत ढंग से बनाई जा रही हैं। इससे मंदिर का रास्ता रुक रहा है। इसी बात को लेकर बीते कई सालों से विवाद चल रहा था।

Related Articles

Back to top button