रवीश कुमार को माधव राव सप्रे, साहित्य के लिए सैय्यद अय्यूब मीर अली मीर को पुरस्कार


रायपुर. राज्योत्सव पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा गुरुवार को प्रदेश सरकार की ओर से कर दी गई। इस वर्ष पत्रकारिता की राष्ट्रीय रचनात्मकता के लिए पं. माधव राव सप्रे सम्मान रवीश कुमार को दिया जाएगा। वहीं साहित्य के क्षेत्र में आंचलिक साहित्य में सृजन और बढ़ावा देने के लिए पं. सुंदर लाल शर्मा सम्मान सैय्यद अय्यूब मीर अली मीर को प्रदान किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, कृषि, कला, संस्कृति, सहकारिता, पत्रकारिता, उच्च शिक्षा और श्रम आदि क्षेत्रों में विकास व रचनात्मक कार्यों के 23 व्यक्ति/संस्थाओं को सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान और भंवर सिंह पोर्ते सम्मान किसी को नहीं
अहिंसा और गोरक्षा के लिए यतियतन लाल सम्मान धमतरी के ग्राम संकारा की विद्यासागर गोविंदी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट को दिया जाएगा। खेल के लिए गुंडाधुर सम्मान रायपुर के दीपेश कुमार सिन्हा को, महिला उत्थान के लिए मिनी माता सम्मान भिलाई की रुकमणी चतुर्वेदी को, सामाजिक चेतना एवं न्याय के लिए गुरु घासीदास सम्मान रायपुर की गुरु घासीदास साहित्य और संस्कृति अकादमी को, सामाजिक, आर्थिक शैक्षणिक क्षेत्र में अभिनव प्रयत्नों के लिए पं रविशंकर शुक्ल सम्मान बिलासपुर के गनियारी के जन स्वास्थ्य सहयोग को प्रदान किया जाएगा।
आंचलिक साहित्य के क्षेत्र में उन्नयन कार्य के लिए पं. सुंदर लाल शर्मा सम्मान सैय्यद अय्यूब मीर अली मीर को दिया जाएगा। कला एवं संगीत के क्षेत्र में चक्रधर सम्मान रायपुर के मिर्जा मसूद को, लोककला एवं शिल्प में बेहतर कार्य करने के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान दुर्ग के कुलेश्वर ताम्रकार को, कृषि क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान सारंगढ़ के खीरसागर पटेल को, सहकारिता क्षेत्र में ठाकुर प्यारे लाल सिंह सम्मान जिला लघु एवं वनोपज सहकारी संघ कांकेर के जिलाध्यक्ष नितिन पोटाई को, उर्दू भाषा सेवा के लिए हाजी हसन अली सम्मान रायपुर के नासिर अली को दिया जाएगा।
प्रिंट मीडिया का चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार रोमशंकर यादव व इलेक्ट्राॅनिक मीडिया का ज्ञानेंद्र तिवारी को दिया जाएगा। प्रिंट मीडिया अंग्रेजी के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रश्मि अभिषेक मिश्रा को और पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान रवीश कुमार, तीरंदाजी के क्षेत्र में महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान गिरवर सिंह पैरा को, दानवीर भामाशाह पुरस्कार सीताराम अग्रवाल, आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र में धनवन्तरी सम्मान प्रो. आरएन त्रिपाठी, सामाजिक समरसता के क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन सम्मान रामजी लाल अग्रवाल को दिया जाएगा।
मछली पालन के क्षेत्र में बिलासा बाई केंवटिन सम्मान सुदीप दास, संस्कृत भाषा सम्मान प्रो. कामता प्रसाद त्रिपाठी पीयूष, अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में डॉ. लखनलाल मिश्र सम्मान थाना प्रभारी दल्ली राजहरा के मनीष सिंह परिहार, श्रम क्षेत्र में महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव सम्मान एनटीपीसी लारा और प्रशांत शेखर शर्मा को दिया जाएगा। इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान और भंवर सिंह पोर्ते सम्मान किसी को नहीं दिया जा रहा है।



