Breaking Newsअपराध

जिस बसंत विहार में कई पुलिस अफसरों, जज के घर, वहा चोरो का आतंक, पैकेजिंग कारोबारी के यहां से चोर ले उड़े 21 लाख रु. का माल व गहने


इंदौर! पॉश कालोनी बसंत विहार में पैकेजिंग कारोबारी के घर में घुसे चोर करीब 21 लाख का माल ले उड़े। इसमें 20 लाख की गोल्ड, डायमंड, सिल्वर ज्वेलरी व नकदी शामिल है। चोरी की दूसरी वारदात तेजाजी नगर क्षेत्र में एक पटवारी के घर हुई, उनके यहां से भी लाखों का माल चला गया। पहली घटना बसंत विहार कॉलोनी में मकान नंबर 235ए में रहने वाले पैकेजिंग कारोबारी अशोक पिता विजय गोधा के यहां हुई। गोधा ने बताया कि वे 17 नवंबर को सुबह 10 बजे पिताजी के दोस्त के बेटे की शादी में शामिल होने परिवार सहित गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटे तो मेन गेट का लॉक टूटा पड़ा था।
अंदर जाकर देखा तो पहली मंजिल व तल मंजिल के कमरों की अलमारियां व उनके अंदर बने लॉकरों को तोड़कर चोर ज्वेलरी और सिक्के चुरा ले गए। जो ज्वेलरी गई है, उसमें उनकी बहन अंजलि गंगवाल निवासी हैदराबाद की भी थी। वह 14 नवंबर को ही हैदराबाद से आई थी।
पटवारी के घर से ज्वेलरी, नकदी के साथ दस्तावेज चोरी
चोरी की दूसरी वारदात तेजाजी नगर इलाके के ग्राम मोरोद में आंबा चंदन के पटवारी जितेंद्र पिता प्रेम सिंह के घर हुई। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर को उनकी मौसी का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में वे देवास गए थे। 17 को लौटे तो देखा कि घर का मेन गेट टूटा पड़ा था। चोर अलमारियों में रखी सोने की चेन, अंगूठी, कान की झूमकी, कान की दो चेन, दो छोटी झुमकी, एक सोने का सिक्का, ढाई सौ ग्राम चांदी के जेवर सहित करीब 10 तोला सोने के जेवर, 25 हजार रुपए नकद, बैंक की चेकबुक व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा ले गए।
दो मकानों के कैमरे बंद, नहीं मिले फुटेज
गोधा ने बताया कि इस क्षेत्र में नारकोटिक्स एसपी, डीएसपी, रिटायर्ड पुलिस अफसर व न्यायाधीश रहते हैं। इसके बावजूद चोर सक्रिय हैं। पिछले दिनों चेन लूट की दो वारदातें भी हुईं। उनके घर के सामने मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, पर वे बंद होने से फुटेज नहीं मिल सके। सोमवार को एफएसएल टीम ने फिंगर प्रिंट्स लिए। गोधा के घर में नौकर, नौकरानी भी काम करते हैं, लेकिन उन्होंने किसी पर शंका नहीं जताई।

Related Articles

Back to top button