सीएए के खिलाफ प्रदर्शन / जामिया यूनिवर्सिटी के बाहर फायरिंग, दिल्ली में 4 दिन में ऐसी तीसरी घटना; शाहीन बाग में रैपिड एक्शन फोर्स तैनात


नई दिल्ली. शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल के पास रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई। दिल्ली पुलिस ने कहा- सुरक्षा के लिहाज से फोर्स की तैनाती की गई है। इससे पहले जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के बाहर रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। यहीं कुछ दूरी पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है। स्कूटी से आए हमलावरों ने यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-5 के पास गोली चलाई। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की। इससे पहले जामिया और शाहीन बाग इलाके में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आने पर चुनाव आयोग ने रविवार रात डीसीपी साउथ-ईस्ट चिन्मय बिस्वाल का ट्रांसफर कर दिया।
इससे पहले 30 जनवरी को एक बंदूकधारी हमलावर ने जामिया इलाके में सीएए के खिलाफ मार्च निकाल रहे लोगों पर फायरिंग की थी। इसके बाद 1 फरवरी को शाहीन बाग इलाके में एक लड़के ने हवा में दो राउंड फायरिंग की थी। पिछले चार दिनों में प्रदर्शन स्थलों के पास गोलीबारी की यह तीसरी घटना है।
जामिया के गेट नंबर-7 और 5 के सीसीटीवी फुटेज की जांच होगी: पुलिस
एसीपी ने बताया कि पुलिस की एक टीम घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज लेने जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी शामिल किए गए। इसके मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे जामिया के गेट नंबर-7 की तरफ से स्कूटी से दो लोग आए। पीछे बैठे व्यक्ति ने गेट नंबर-5 के पास स्कूटी पर खड़े होकर ही फायरिंग कर दी। इसके बाद हमलावर होली फैमिली हॉस्पिटल की तरफ भाग निकले। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर लाल रंग की स्कूटी पर सवार थे। एक युवक ने लाल रंग की जैकेट पहनी थी।
छात्रों ने जामिया नगर पुलिस स्टेशन का घेराव किया
घटना के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने जामिया नगर पुलिस स्टेशन का घेराव कर लिया। हालांकि, पुलिस की तरफ से शिकायत दर्ज किए जाने और एसएचओ की तरफ से समझाने के बाद सभी छात्र वापस लौट गए।
अनुराग ठाकुर के गोली मारो देशद्रोहियों के बयान के बाद हुई घटनाएं
पिछले हफ्ते भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में एक रैली के दौरान लोगों से ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो …. को’ के नारे लगवाए थे। इसके बाद से ही राज्य में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं। चुनाव आयोग ने अनुराग ठाकुर के इस भाषण के लिए उनकी रैलियों पर 72 घंटे की रोक लगा दी थी।
गोलीबारी की घटनाओं के बाद दिल्ली साउथ-ईस्ट के डीसीपी हटाए गए
30 जनवरी और 1 फरवरी को हुई गोलीबारी की घटनाओं के बाद चुनाव आयोग ने दिल्ली साउथ-ईस्ट के डीसीपी चिन्मय बिस्वाल को हटा दिया। उनकी जगह सीनियर अफसर कुमार ज्ञानेश को क्षेत्र का अंतरिम डीसीपी नियुक्त किया गया। आयोग ने गृह मंत्रालय या दिल्ली पुलिस कमिश्नर से इस पद के लिए तीन नामों के सुझाव मांगे थे।



