कोरोनावायरस का डर / वैष्णो देवी यात्रा रद्द, इस साल दो महीने में आने वाले यात्रियों की संख्या 5 साल में सबसे ज्यादा


जम्मू. कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर बंद करने के बाद अब वैष्णो देवी यात्रा भी रद्द कर दी गई है। फैसला ऐसे समय आया है, जब हर साल इस सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है। पिछले कुछ दिनों में ही गर्भगृह के दर्शन के लिए रोजाना 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु कटरा बेस कैंप आए। होली के दिन ही यहां एक दिन में सबसे ज्यादा 28 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे। कोरोनावायरस के डर की वजह से बंद होने के कारण कई इलाकों में श्रद्धालुओं को न तो खाने को कुछ मिल पा रहा है और न ही ठहरने के लिए होटल मिल पा रहे हैं। यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगाने से पहले ही श्राइन बोर्ड ने एनआरआई और विदेशी श्रद्धालुओं के 28 दिन तक यात्रा पर आने पर रोक लगा दी थी।
इस साल जनवरी-फरवरी में रिकॉर्ड 9.09 लाख यात्री आए
श्राइन बोर्ड के सीईओ रमेश कुमार ने बताया कि इस साल जनवरी-फरवरी में जितने यात्री यहां आए थे, उनकी संख्या पिछले 5 साल में इन्हीं दो महीनों में आए यात्रियों की संख्या से सबसे ज्यादा रही। पिछले 5 साल में जनवरी-फरवरी में आने वाले यात्रियों की संख्या 7.28 लाख से 8.88 लाख के बीच रहती थी, लेकिन इस साल 1 जनवरी से 29 फरवरी के बीच 9.09 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आए।
5 साल में जनवरी-फरवरी के बीच आने वाले यात्रियों की संख्या
साल यात्रियों की संख्या
2016 7.28 लाख
2017 7.82 लाख
2018 8.88 लाख
2019 7.70 लाख
2020 9.09 लाख



