सीएम हाउस में 6 घंटे मंथन, घोषणा पत्र और टिकट पर दिग्गजों ने की माथापच्ची

भोपाल। विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं के बीच मंथन तेज हो गया है। सीएम हाउस में बुधवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश चुनाव प्रबंधन
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने 6 घंटे घोषणा पत्र और टिकट के दावेदारों के नाम पर
माथा-पच्ची की। संगठन महामंत्री सुहास भगत भी बैठक में थे, लेकिन बीच में वे संघ कार्यालय चले गए थे।
पार्टी नेताओं की मानें तो घोषणा पत्र को लकर लंबी चर्चा हुई है। दृष्टि पत्र समिति ने जो रायशुमारी की थी, उसमें 20हजार से ज्यादा सुझाव प्राप्त हुए थे। इनमें सर्वाधिक किसानों से जुड़े हैं। घोषणा पत्र में भी किसानों के मुद्दों को तरजीह दी है। जीएसटी से हो रही समस्या को आसान बनाने के विषय को घोषणा पत्र में शामिल करने पर सहमति बनी। सामान्य वर्ग को लेकर भी चर्चा की गई कि क्या निर्धन वर्ग के लिए पृथक से आरक्षण व्यवस्था करना चाहिए, इस मुद्दे पर हाईकमान से सलाह के बाद निर्णय लेने पर सहमति बनी।
संघ नेताओं के द्वारा जिन सीटों पर गंभीर हालात बताए गए हैं, उनको लेकर भी दिग्गज नेताओं ने चर्चा की। संघ ने भाजपा के छह बड़े नेताओं से पिछले चुनाव में हारे और जीते नेताओं पर कमेंट मांगा था। इसे लेकर संघ ने अपनी राय से पार्टी नेताओं को अवगत करा दिया है। संघ ने जिन नेताओं को खराब छवि के कारण बदलने की सिफारिश की है। ऐसी सीटों पर बातचीत की गई। संभावित दावेदारों को लेकर सर्वे से मिलान किया। संघ ने भी कुछ सीटों पर नाम सुझाए हैं, उनको जातिगत समीकरण, अन्य मुद्दों पर परखा गया।




